LIVE: मुंबई में होटल बंद, लखनऊ में सिलेंडर एजेंसी पर लंबी कतार... LPG संकट से देशभर में हाहाकार, देखें Ground Report
नई दिल्ली : मिडिल-ईस्ट में जारी युद्ध की आंच अब भारतीय रसोई और व्यापार तक पहुंच गई है. वैश्विक स्तर पर तेल और ऊर्जा की किल्लत ने भारत में एलपीजी (LPG) संकट पैदा कर दिया है. स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि देश के कई शहरों में होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं.
तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई पर फिलहाल रोक लगा दी है. इस फैसले ने फूड इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की नींद उड़ा दी है.
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी हालात बेकाबू हो रहे हैं. यहां कमर्शियल गैस की किल्लत की वजह से 50 हजार से ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं.
पुडुचेरी में कल तक बंद हो सकते हैं सभी होटल
पुडुचेरी में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह रुकने से 750 होटलों पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है. हालात इतने खराब हैं कि कई बड़े होटलों ने अपने मेनू में कटौती कर दी है. अब ग्राहकों को दोपहर के भोजन में सिर्फ एक 'कूटू' या 'पोरियाल' जैसा खाना ही परोसा जा रहा है.
पुडुचेरी होटल ओनर्स एसोसिएशन का कहना है कि यहां के 99 प्रतिशत रेस्टोरेंट पूरी तरह गैस सिलेंडरों पर ही निर्भर हैं और उनके पास खाना बनाने का कोई दूसरा विकल्प नहीं है एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर स्थिति नहीं सुधरी, तो कल तक पुडुचेरी के लगभग सभी होटल पूरी तरह बंद हो सकते हैं.
एलपीजी संकट पर बोले तमिलनाडु के शिक्षा मंत्री
तमिलनाडु के शिक्षा मंत्री अंबिल महेश ने एलपीजी संकट पर कहा, 'पिछले दो दिनों से हम ये देख रहे हैं. ऐसा लगता है कि लगभग 60 रुपये कीमत बढ़ गई होगी. हमने सुना है कि कर्नाटक जैसे राज्य अपने होटल खाली करने जा रहे हैं.
मुंबई में 20% होटल बंद
देश की आर्थिक राजधानी में गैस की भारी कमी महसूस की जा रही है. होटलों की संस्था 'आहार' (AHAR) के मुताबिक, सप्लाई न होने से अब तक मुंबई के 20% होटल बंद हो चुके हैं. एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो अगले दो दिनों में 50% होटलों पर ताला लग सकता है.
चेन्नई में भी संकट गहराया
चेन्नई के एक होटल ने सिलेंडर की कमी की वजह से अपने मेनू में व्यंजनों की संख्या कम करने की घोषणा की है. चेन्नई होटल एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है. एसोसिएशन का कहना है कि कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति को अस्थायी रूप से रोकने से रेस्तरां और फूड बिजनेस पर बहुत बुरा असर पड़ सकता है.
लखनऊ में भी हाल-बेहाल
लखनऊ में भी दो दिन से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई में देरी की वजह से होटल-रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं. बुकिंग के अगले दिन ही पहुंचने वाला घरेलू सिलेंडर अब पांच से सात दिन का वक्त ले रहा है.