नई दिल्ली : पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच सरकार ने राहत का नया रास्ता निकाला है। 22% या उससे ज्यादा एथनॉल वाले पेट्रोल यानी E22 पर एक्साइज ड्यूटी खत्म कर दी गई है। इससे पेट्रोल 11.90 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता हो सकता है। फिलहाल बाजार में 20% एथनॉल वाला पेट्रोल बिक रहा है। सरकार अब 22%, 25%, 27% और 30% ब्लेंडिंग वाले पेट्रोल लाने की तैयारी में है।
क्या है नया फैसला: E22 पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी खत्म
सरकार ने ऐलान किया है कि 22 फीसदी या उससे ज्यादा एथनॉल ब्लेंडिंग वाले पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क नहीं लगेगा। सामान्य पेट्रोल यानी E20 की कीमत पर इसका असर नहीं होगा। लेकिन ज्यादा एथनॉल वाले ईंधन के दाम जरूर कम हो सकते हैं। सरकार ब्लेंडिंग बढ़ाकर 22%, 25%, 27% और 30% तक ले जाना चाहती है और इस कैटेगरी पर एक्साइज ड्यूटी हटा दी है।
कितना सस्ता होगा पेट्रोल: दिल्ली में 90.22 रुपये लीटर का गणित
दिल्ली में अभी 20% एथनॉल वाला पेट्रोल 102.12 रुपये लीटर है। इस पर सरकार 11.90 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी वसूलती है। अगर E22 या ज्यादा ब्लेंडिंग वाले पेट्रोल की कीमत भी 102.12 रुपये ही रहे और 11.90 रुपये की ड्यूटी हट जाए तो नया रेट 90.22 रुपये लीटर हो सकता है। शर्त यह है कि तेल कंपनियां ड्यूटी हटने का पूरा फायदा ग्राहकों को दें।
पेट्रोल पर कैसे लगता है 11.90 रुपये का टैक्स
केंद्र सरकार पेट्रोल पर कुल 11.90 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लेती है। इसमें शामिल है:
बेसिक उत्पाद शुल्क: 1.40 रुपये प्रति लीटर
स्पेशल एडिशनल उत्पाद शुल्क: 3.00 रुपये प्रति लीटर
एग्रीकल्चर इंफ्रा सेस: 2.50 रुपये प्रति लीटर
रोड एंड इंफ्रा सेस: 5.00 रुपये प्रति लीटर
दाम घटाने में पेच: पूरा फायदा मिलेगा या सिर्फ 4.40 रुपये
सरकार ने ड्यूटी हटाई है लेकिन दाम घटने पर अभी पेच है। अगर सिर्फ उत्पाद शुल्क 4.40 रुपये हटे तो इतनी ही राहत मिलेगी। दोनों सेस भी हटाने पर ही पूरे 11.90 रुपये का फायदा मिलेगा। हो सकता है E22 पेट्रोल सिर्फ 4.40 रुपये सस्ता हो और सेस जारी रहे। पिछले दिनों E85 पेट्रोल 20 रुपये सस्ता हुआ था। फिलहाल E22 की नई कीमत का खुलासा नहीं हुआ है।