नई दिल्ली : महंगाई से जूझ रहे आम लोगों के लिए 1 जुलाई को बड़ी राहत की खबर आई है। नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती कर दी है। मिडिल ईस्ट में टेंशन कम होने और कच्चे तेल की सप्लाई सामान्य होने से ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल सस्ता हुआ है। नायरा एनर्जी के देशभर में 7000+ पेट्रोल पंप पर ये नई दरें लागू हो गई हैं। हालांकि सरकारी कंपनियां IOC, BPCL और HPCL ने अभी दाम नहीं घटाए हैं।
नायरा एनर्जी ने घटाए दाम, 7000+ पंप पर राहत
1 जुलाई से नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये/लीटर और डीजल 3 रुपये/लीटर सस्ता कर दिया है। कंपनी के पूरे देश में 7000 से ज्यादा पेट्रोल-पंप हैं और सभी पर कटौती लागू है। लोकल टैक्स की वजह से अलग-अलग शहरों में फाइनल रेट थोड़ा अलग हो सकता है।
मिडिल ईस्ट में तनाव घटने और US-ईरान के बीच समझौते की खबरों से क्रूड ऑयल की कीमतें गिरी हैं। आज 1 जुलाई को कच्चा तेल 0.33% उछलकर 73 डॉलर प्रति बैरल पर है। पहले टेंशन बढ़ने पर क्रूड 120 डॉलर/बैरल के करीब पहुंच गया था।
सबसे पहले नायरा ने ही बढ़ाए थे दाम, अब कटौती
मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने पर सबसे पहले नायरा एनर्जी ने ही पेट्रोल-डीजल महंगा किया था। तब कंपनी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया था। अब स्थिति सामान्य होने पर सबसे पहले कटौती भी नायरा ने ही की है।
सरकारी तेल कंपनियां भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने फिलहाल अपने रेट में बदलाव नहीं किया है। 25 मई को सरकारी कंपनियों ने पेट्रोल 7.50 रुपये/लीटर और डीजल 7.60 रुपये/लीटर तक महंगा किया था।
आज कहां कितना है पेट्रोल-डीजल का रेट?
कटौती के बाद भी शहरों में रेट अलग-अलग हैं। सबसे सस्ता पेट्रोल चंडीगढ़ में 101.54 रुपये/लीटर है, जबकि हैदराबाद में 115.69 रुपये/लीटर के साथ सबसे महंगा है। दिल्ली और नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये/लीटर बिक रहा है।
डीजल चंडीगढ़ में 89.47 रुपये/लीटर है। वहीं हैदराबाद में 103.82 रुपये/लीटर के साथ सबसे महंगा है। ग्लोबल बाजार में कच्चे तेल की कीमतें नरम पड़ने से तेल कंपनियों पर दबाव कम हुआ है।