यूपी सरकार की राह पर दिल्ली सरकार, कांवड़ यात्रा के दौरान बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें!
सांकेतिक तस्वीर


नई दिल्ली : कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले दिल्ली में सियासत गरमा गई है.  राज्य में मीट-मछली की दुकानों को लेकर दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. उत्तर प्रदेश में जहां 10 जुलाई से ही कांवड़ मार्गों पर मीट की दुकानें बंद करने का ऐलान हो चुका है, वहीं अब दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी साफ कहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान मीट की दुकानें बंद रहेंगी.


कपिल मिश्रा का कहना है कि दिल्ली में चल रही ज्यादातर मीट की दुकानें गैरकानूनी हैं. उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान इन दुकानों को खुला रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती. हालांकि अभी तक दिल्ली पुलिस की ओर से कांवड़ यात्रा के रूट का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है, लेकिन राजधानी के लगभग हर इलाके से कांवड़िये गुजरते हैं, कुछ इलाकों से ज्यादा तो कुछ से कम संख्या में.

पूरे महीने रोजी-रोटी पर पड़ेगा असर!
दुकानदारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. न तो उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक नोटिस मिला है और न ही पहले कभी ऐसा कोई निर्देश आया है. दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में बड़ी संख्या में मीट की दुकानें हैं जहां कच्चा और पका हुआ मीट बिकता है. दुकानदारों का कहना है कि अगर सरकार की ओर से कोई निर्देश आता है तो वे दुकानें बंद कर देंगे, लेकिन इसका असर पूरे महीने की रोजी-रोटी पर पड़ेगा.

गाजीपुर मीट मंडी भी बंद रह सकता है!
दिल्ली-उत्तर प्रदेश की सीमा पर गाजीपुर की मीट मंडी NCR की सबसे बड़ी मंडी मानी जाती है. यहां से न केवल दिल्ली बल्कि नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद जैसे शहरों में मांस की आपूर्ति होती है. इसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवड़ यात्रा के लिए तैयारियां भी जोरों पर हैं. 

अवैध नहीं, नगर निगम के तहत आती हैं मीट की दुकानें!
दुकानदार इस संभावित कदम से नाराज़ हैं. उनका कहना है कि हमारी दुकानें अवैध नहीं हैं बल्कि नगर निगम के अंतर्गत आती हैं. फिर भी सरकार द्वारा किसी भी समय बंद कराने की संभावना बनी रहती है. 

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक देश की खबरें