हैदराबाद में 8 महीने की गर्भवती छात्रा ने बच्चे को दिया जन्म, फिर दूसरी मंजिल से फेंका
सांकेतिक तस्वीर


तेलंगाना : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। गोलकोंडा स्थित TMREIS के एक स्कूल हॉस्टल में 18 साल 8 महीने की छात्रा ने बच्चे को जन्म देने के बाद नवजात को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। ऊंचाई से गिरने से नवजात की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूल स्टाफ ने परिसर के बाहर शिशु को पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


CCTV फुटेज से खुला राज, 8 महीने की गर्भवती थी छात्रा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और स्कूल परिसर के CCTV कैमरे खंगाले। फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर 18 साल 8 महीने की छात्रा की पहचान हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि छात्रा करीब आठ महीने की गर्भवती थी।

पुलिस को शक है कि उसने स्कूल परिसर में ही बच्चे को जन्म दिया और फिर दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। गंभीर चोटों के कारण नवजात की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


पिता कौन, स्कूल को थी जानकारी? पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि छात्रा की गर्भावस्था किन परिस्थितियों में हुई और बच्चे का पिता कौन है। साथ ही जांच की जा रही है कि क्या इस मामले की जानकारी स्कूल प्रशासन, शिक्षकों या किसी अन्य व्यक्ति को थी। अगर थी तो क्या कदम उठाए गए।

जांच एजेंसियां स्कूल प्रशासन, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रा से जुड़े लोगों से पूछताछ कर सकती हैं। घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। नवजात की हत्या से संबंधित धाराओं में केस दर्ज हुआ है।


सुरक्षा और निगरानी पर उठे सवाल, इलाके में सनसनी
स्कूल हॉस्टल में इतनी बड़ी घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। TMREIS यानी तेलंगाना माइनॉरिटी रेजिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन सोसायटी के इस हॉस्टल में हुई घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल विस्तृत जांच जारी है।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)



अधिक देश की खबरें