टैग: #उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने, #कांग्रेस , #पूर्व, #राष्ट्रीय ,#अध्यक्ष, #राहुल गांधी, #तीखे, #प्रहार,
उप मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहीं ये बात
फाइल फोटो


उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखे प्रहार किए। कहा, विपक्ष बौखला गया है। ये लोग सत्ता में होते हैं तो इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन भी सही होती है और लोकतंत्र भी। अब राहुल गांधी लंदन में कह रहे हैं कि भारत का लोकतंत्र खतरे में है। पहले वे प्रधानमंत्री के विरुद्ध बोलते थे, अब देश के विरुद्ध बोल रहे हैं। देश में लोकतंत्र है, इसलिए यहां बोल सकते हैं। देश के विरोध में बाहर कोई बोलेगा तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के अभिभाषण पर चर्चा करने बुधवार को धनीपुर शक्ति केंद्र पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने सपा, बसपा को भी आड़े हाथों लिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर टिप्पणी की। कहा, तथाकथित ईमानदार केजरीवाल सबको बलि चढ़ाते हैं, फिर कहते हैं कि इनके साथ अन्याय हो रहा है।

पहले आतंकी हमले होने पर अमेरिका के आगे गिड़गिड़ाती थीं तत्कालीन सरकारें

संगोष्ठी के दौरान भाजपा नेता हेमंत राज, सुभाष आदि ने चार भागों में अभिभाषण पढ़कर सुनाया। उप मुख्यमंत्री ने भारत माता की तस्वीर के समक्ष दीप जलाया। जय श्रीराम के जयकारे लगाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। फिर कहा कि कार्यकर्ता निरंतर कार्य कर रहे हैं। स्वतंत्र भारत के इतिहास में महिला राष्ट्रपति तो हुई हैं, पर आदिवासी महिला राष्ट्रपति इसी सरकार में बनी है। भाजपा एकमात्र पार्टी है, जिसमें शून्य से शिखर पहुंचाया जाता है। पहले आतंकी हमले होते थे और तत्कालीन सरकारें अमेरिका के आगे गिड़गिड़ाती थीं। अब हमला होता है तो सर्जिकल व एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाई होती है। भारत विश्व का नेतृत्व करने वाला देश बन रहा है। दूसरे देशों के पास पैसा बहुत होगा, पर नरेंद्र मोदी जैसा शासक नहीं। गांव, गरीब, मजदूर, किसान खुशहाल हैं।

छुट्ट पशुओं की समस्या का होगा समाधान

कहा कि एक अप्रैल से नलकूप का बिजली बिल नहीं देना होगा। छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान करने के आदेश दे दिए हैं। जो लोग गोवंशी छोड़ना चाहते हैं तो गोशाला ले जाएं, सड़क पर छोड़ा तो मुकदमा दर्ज होगा। बिजली संबंधी शिकायतों का निस्तारण हो रहा है। जिलाध्यक्ष ने ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी दी थी। अधिकारियों को 48 घंटे में ट्रांसफार्मर ठीक करने के आदेश दिए हैं। बरौली विधायक जयवीर सिंह, छर्रा विधायक रवेंद्रपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, शक्ति केंद्र प्रभारी शल्यराज सिंह, मंडल अध्यक्ष कुशलपाल सिंह, राजीव शर्मा, लक्ष्मीकांत माहेश्वरी, श्यौराज सिंह, शिवनारायण शर्मा, राकेश सिंह आदि मौजूद थे।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें