औरंगाबाद में पीएम मोदी RJD पर बोला हमला, कहा-कट्टा दिखाकर सीएम फेस पर कब्जा किया
पीएम मोदी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि आरजेडी ने कांग्रेस को केवल उन सीटों पर लड़ने का मौका दिया है, जहां वह पिछले 35-40 सालों से जीत नहीं पाई है.


औरंगाबाद : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए प्रचार करने औरंगाबाद पहुंच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डबल इंजन सरकार में हुए विकास कार्यों को गिनाया. साथ ही कहा कि यह सरकार जो वादे करती है उसे पूरा करती है. जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- ‘मोदी और नीतीश का ट्रैक रिकॉर्ड सबके सामने है. अब आप याद कीजिए जब मैं कहता हूं कि मैं ये करने वाला हूं. इसका मतलब मैं उसको करके ही रहता हूं.’ मैं याद दिलाता हूं, मोदी ने कहा था अयोध्या में राम मंदिर बनेगा. आप मुझे बताइए मंदिर बना की नहीं बना. डंके की चोट पर बना की नहीं बना. 500 साल का अधूरा काम पूरा किया की नहीं किया.

पीएम मोदी ने कहा कि देश को मैंने कहा था कि आर्टिकल 370 की दीवार गिरेगी. आप मुझे बताइए 370 हटा की नहीं हटा. मोदी ने बिहार की इसी धरती से पहलगाम हमले का बदला लेने की बात कही थी. फिर आपने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को तबाह होते देखा है. मोदी ने वन रैंक वन पेंशन का वादा किया था. आज 7 नवंबर को ही इसे लागू हुए 11 वर्ष हो रहे हैं. वन रैंक वन पेंशन के लिए कांग्रेस हर बार रिटायर्ड फौजियों से झूठ बोलती रही. अगर कोई फौजी भाई को धोखा देता है तो उसे क्या कहेंगे.

वहीं इस दौरान पीएम मोदी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि आरजेडी ने कांग्रेस को केवल उन सीटों पर लड़ने का मौका दिया है, जहां वह पिछले 35-40 सालों से जीत नहीं पाई है. आरजेडी ने कांग्रेस पर दबाव डालकर मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी भी छीन ली, जो अपने साथियों को धोखा दे सकते हैं, वह आपके सगे हो सकते हैं क्या? कांग्रेस और आरजेडी केवल अपमान और गाली-गलौज की राजनीति करते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर कोयल परियोजना के लिए हमने अतिरिक्त पैसा दिया. मुझे नवीनगर कारखाने के अगले चरण के उद्घाटन का मौका मिला था. इससे बिजली मिलेगी और रोजगार भी.



अधिक देश की खबरें