नई दिल्ली : एडेन मार्करम के शतक के बाद मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों की सूझबूझ भरी पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हरा दिया. रायपुर में खेले गए दूसरे मैच मैच को जीतकर मेहमान साउथ अफ्रीका ने 3 मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली. रांची में खेला गया पहला वनडे भारत ने 17 रन से जीता था. हाईस्कोरिंग मुकाबले में भारतीय फील्डर्स ने काफी निराश किया. विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ का शतक बेकार हो गया. साउथ अफ्रीका की घर से बाहर वनडे में रन चेज करते हुए यह सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने भारत में 359 रन का सबसे बड़ा टारगेट हासिल किया था. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा वनडे मैच 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा.
कोहली-गायकवाड़ के शतक, भारत ने 5 विकेट पर 358 रन बनाए
गायकवाड़ ने चौथे नंबर पर उतरकर 83 गेंदों पर 105 रन की पारी खेली जिसमें 12 चौके और दो छक्के शामिल थे. गायकवाड़ ने अपने आठवें वनडे में पहला शतक जड़ा. वहीं कोहली ने इस सीरीज में लगातार दूसरा शतक ठोककर 2027 वनडे विश्व कप के लिए अपनी दावेदारी पुख्ता की. कोहली ने 93 गेंदों पर 102 रन बनाए जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे. इसके बाद केएल राहुल ने 43 गेंदों पर नाबाद 66 रन की पारी खेली. उन्होंने 6 चौके और दो छक्के जड़े. रोहित 14 जबकि यशस्वी जायसवाल 22 रन बनाकर आउट हुए. रवींद जडेजा ने 24 रन का योगदान दिया वहीं वाशिंगटन सुंदर एक रन बनाकर पवेलियन लौटे. साउथ अफ्रीका की ओर से तेज गेंदबाज मार्को यानसेन ने सबसे अधिक दो विकेट चटकाए वहीं नांद्रे बर्गर और लुंगी एंगिडी ने एक एक विकेट लिया.




