अभिषेक की फिफ्टी के बावजूद बिखरी भारतीय बैटिंग
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। संजू सैमसन 5, ईशान किशन 1 और कप्तान श्रेयस अय्यर 3 रन बनाकर आउट हो गए। संजू को डेब्यूटेंट जय मूंदरा ने बोल्ड किया, जबकि ईशान और श्रेयस को दूसरे डेब्यूटेंट मैथ्यू हॉलार्ड ने पवेलियन भेजा।
पावरप्ले में भारत ने 68 रन बनाए, जिसमें 47 रन अकेले अभिषेक शर्मा के बल्ले से आए। अभिषेक ने 19 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की और 20 बॉल पर 7 चौके-2 छक्के की मदद से 50 रन बनाए। लियाम मैकार्थी ने उन्हें आउट किया। मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा 19, वॉशिंगटन सुंदर 9 रन ही बना सके। 100/6 पर संकट में फंसी टीम के लिए शिवम दुबे 25 और अक्षर पटेल 15 ने 35 रन जोड़े, लेकिन जय मूंदरा ने शिवम को कॉट एंड बोल्ड कर मैच पलट दिया। अक्षर भी गैरेथ डेलानी का शिकार बने। हर्षित राणा 8 और अर्शदीप सिंह 2 रन बनाकर आउट हुए।
हॉलार्ड-मूंदरा ने डेब्यू पर मचाया धमाल, हम्प्रीज के भी 3 विकेट
'प्लेयर ऑफ द मैच' डेब्यूटेंट मैथ्यू हॉलार्ड ने 3 विकेट लेकर भारतीय टॉप ऑर्डर को ध्वस्त किया। दूसरे डेब्यूटेंट लेफ्ट आर्म पेसर जय मूंदरा ने संजू सैमसन और शिवम दुबे के अहम विकेट चटकाए। स्पिनर मैथ्यू हम्प्रीज ने भी 3 विकेट लेकर बाकी कसर पूरी कर दी। आयरलैंड के लिए यह ऐतिहासिक जीत डेब्यूटेंट खिलाड़ियों के दम पर आई।
टकर-डेलानी की फिफ्टी पार्टनरशिप, आयरलैंड ने बनाए 182/9
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए आयरलैंड ने 9 विकेट पर 182 रन बनाए। पावरप्ले में ही हर्षित राणा ने दोनों ओपनर रॉस अडायर 12 और टिम टेक्टर 17 को आउट किया। अर्शदीप सिंह ने हैरी टेक्टर को शून्य पर चलता किया। 'बर्थडे बॉय' शिवम दुबे ने बेंजाामिन केलिट्ज 15 को पवेलियन भेजा।
इसके बाद कप्तान लोर्कन टकर ने 36 गेंदों पर 5 चौके-2 छक्के से 50 रन बनाए। गैरेथ डेलानी ने 32 बॉल पर 3 चौके-3 छक्के से 49 रन की पारी खेली। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी हुई। टकर को हर्षित राणा ने आउट किया। फिर डेलानी और जॉर्ज डॉकरेल 19 ने छठे विकेट के लिए 16 बॉल पर 49 रन जोड़े। 17वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर में 27 रन आए। भारत की ओर से हर्षित राणा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। अर्शदीप और अक्षर को 2-2 सफलता मिली।
श्रेयस की कप्तानी में खराब शुरुआत, वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू टला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारत का यह पहला मैच था। सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को कप्तानी मिली, लेकिन उनका आगाज हार से हुआ। वह बल्ले से भी 3 रन ही बना सके। भारत की प्लेइंग-11 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला, उनका डेब्यू टल गया। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 28 जून को इसी मैदान पर होगा।




