10 लाख करोड़ का बिजनेस संभालती है अनन्‍या बिड़ला, किसी मॉडल से नहीं हैं कम 
अनन्‍या बिड़ला


नई दिल्‍ली : बिजनेस कुछ लोगों के खून में होता है और अनन्‍याश्री बिड़ला भी उन्‍हीं में से एक हैं. देश के दिग्‍गज उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला और नीरजा बिड़ला की सबसे बड़ी बेटी अनन्‍या दावोस में चल रहे विश्‍व आर्थिक मंच (WEF) पर अपनी सफलता और बेबाक अंदाज की वजह से चर्चा में हैं. भले ही वह बिड़ला परिवार की 6वीं पीढ़ी से आती हैं, लेकिन अनन्‍या एक समृद्ध पारिवारिक कारोबारी विरासत होने के बावजूद अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रही हैं. उनकी उम्र अभी 31 साल है और इस उम्र में ज्‍यादातर युवा अपने करियर को सही दिशा नहीं दे पाते, जबकि अनन्‍या ने देश की सबसे बड़े उद्योग समूहों में से एक को सही दिशा और दशा में लाकर खड़ा कर दिया है.

अनन्‍या बिड़ला (Ananya Birla) अभी आदित्‍य बिड़ला समूह की निदेशक हैं और समूह की रियल एस्‍टेट कंपनी बिड़ला एस्‍टेट का पूरा कामकाज वही देखती हैं. अनन्या का जन्‍म 17 जुलाई, 1994 में हुआ था और शुरुआती पढ़ाई मुंबई स्थित अमेरिकन स्‍कूल ऑफ बॉम्‍बे से करने के बाद ऑक्‍सफोर्ड विश्‍वविद्यालय से अर्थशास्‍त्र और मैनेजमेंट में स्‍नातक किया. ग्रेजुएशन के दौरान ही अनन्‍या ने खुद का बिजनेस शुरू कर दिया था और किताबी ज्ञान के साथ कारोबारी गुर भी काफी पहले सीख लिए थे.

17 साल में बनाई पहली कंपनी
अनन्‍या ने महज 17 साल की उम्र में स्‍वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) नाम से खुद की कंपनी बनाई. यह कंपनी ग्रामीण महिलाओं को छोटे लोन बांटने का काम करती है. फिलहाल यह कंपनी देश की प्रमुख एनबीएफसी-एमएफआई में से एक है और हाल में ही चैतन्‍य इंडिया फिन का अधिग्रहण पूरा करके इस सेक्‍टर की दूसरी बड़ी कंपनी बन गई है. इसके अलावा अनन्‍या ने एक लग्‍जरी ई-कॉमर्स और लाइफस्‍टाइल प्‍लेटफॉर्म इकाई असाई (Ikai Asai) भी बनाया, जिसकी वह फाउंडर और सीईओ हैं. अनन्‍या के खाते में कलर कॉस्‍मेटिक ब्रांड LOVETC, फ्रेग्‍नेंस और ब्‍यूटी पर्सनल केयर ब्रांड Contraband जैसी कंपनियां भी हैं.

बिड़ला समूह में बड़ी जिम्‍मेदारी
अनन्‍या भले ही 31 साल की हैं, लेनिक उनका अनुभव और योग्‍यता दिग्‍गज कारोबारियों की लिस्‍ट में खड़ा करती है. यही वजह है कि उन्‍हें अभी से बिड़ला ग्रुप में अहम जिम्‍मेदारियां सौंप दी गई हैं. फिलहाल वह समूह में निदेशक की भूमिका निभाने के साथ हिंडाल्‍को के बोर्ड में भी शामिल हैं. इसके अलावा आदित्‍य बिड़ला ग्‍लोबल ट्रेडिंग में भी प्रमोटर की भूमिका निभाती हैं. समूह ने रियल एस्‍टेट में कदम रखा तो बिड़ला एस्‍टेट ने इस सेक्‍टर में भी झंडे गाड़ दिए. खास बात ये है कि इस कंपनी की कमान पूरी तरह अनन्‍या ही संभालती हैं.

10 लाख करोड़ के बिजनेस की कमान
आदित्‍य बिड़ला समूह कई कंपनियों का संचालन करता है और इसका कुल मार्केट कैप आज करीब 115 अरब डॉलर (करीब 10 लाख करोड़ रुपये) है. समूह के तहत UltraTech Cement, Grasim Industries, Hindalco Industries, Aditya Birla Capital जैसी दिग्‍गज कंपनियां आती हैं. इसमें अल्‍ट्राटेक सीमेंट का मार्केट कैप सबसे ज्‍यादा 43 अरब डॉलर (करीब 3.80 लाख करोड़ ) की है, जबकि ग्रासिम इंडस्‍ट्रीज का मार्केट कैप 22.6 अरब डॉलर है.

दावोस में क्‍यों हो रही चर्चा
अनन्या ने दावोस में अपनी कंपनी ओर नेतृत्‍व के बारे में खुलकर बात की. उन्‍होंने बताया कि कैसे बिड़ला एस्‍टेट ने गुरुग्राम के अपने लग्‍जरी प्रोजेक्‍ट को महज 24 घंटे में बेच दिया. अनन्‍या का दावा है कि उनकी कंपनी का सीएजीआर यानी सालाना वृद्धि दर करीब 92 फीसदी का है. यह फिलहाल देश की किसी भी दूसरी रियल एस्‍टेट कंपनी के सीएजीआर से कहीं ज्‍यादा है. उनकी इसी कामयाबी और कारोबारी रणनीति की चर्चा दावोस में भी हो रही है. दावोस में उन्‍होंने भारत को दुनियाभर के निवेशकों के लिए अच्‍छी जगह बताया और एआई के प्रभाव, इमोशनल इंटेलीजेंस और विकसित भारत 2047 जैसे मुद्दों पर भी खुलकर बातचीत की.

अब तक कई पुरस्‍कार भी जीते
अनन्‍या ने सिर्फ बिजनेस को ही ऊंचाइयों पर नहीं पहुंचाया, बल्कि खुद का नाम भी बुलंद किया. उन्‍हें अब तक कई नामी पुरस्‍कार मिल चुके हैं. उनके पुरस्‍कारों की फेहरिस्‍त में Forbes Asia’s Women to Watch, GQ Most Influential Young Indians, Economic Times Most Promising Women Business Leaders, Business Today Most Powerful Women in Business 2025, Fortune 40 under 40 जैसे प्रतिष्ठित टाइटल शामिल हैं.

बिजनेस ही नहीं, संगीत में भी गाड़े झंडे
अनन्‍या सिर्फ दिखने में ही सुंदर नहीं है, उनकी आवाज भी काफी अच्‍छी है. तभी तो उन्‍होंने संगीत में सफल करियर बनाया है. वह सक्‍सेसफुल पॉप कलाकार हैं. साल 2016 में Universal Music India के साथ डेब्यू सिंगल ‘Livin the Life’ फिर साल 2017 में ‘Meant to Be’ जैसा सफल आयोजन हुआ. इसे तो प्‍लेटिनम सर्टिफाइड किया गया, जो किसी भारतीय की अंग्रेजी पॉप में पहली ऐसी सफलता थी. इसके बाद तो उन्‍होंने हिट पॉप की झड़ी लगा दी और Better, Hold On, Unstoppable, Cuffed (Jo Tha Mila) के साथ पॉप में तहलका मचा दिया.

भारत की सबसे पॉपुलर पॉप स्‍टार
अनन्‍या ने तो बॉलीवुड में भी गाना गया और साल 2024 में आई ‘दो और दो प्‍यार’ मूवी में अरमान मलिक के साथ ‘जज्‍बाती है दिल’ गाने को अपनी आवाज दी. इसके अलावा वेब सीरीज रूद्रा में ‘ईनाम’ गाने से भी उपस्थिति दर्ज कराई. आपको जानकर हैरानी होगी कि अनन्‍या देश की सबसे ज्‍यादा स्‍ट्रीम की जाने वाली अंग्रेजी पॉपस्‍टार हैं, जिनके 50 करोड़ से ज्‍यादा स्‍ट्रीमिंग हैं. इसके अलावा वह सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं और मेंटल हेल्‍थ जागरुकता प्रोग्राम Mpower की को-फाउंडर होने के साथ अनन्‍या बिड़ला फाउंडेशन चलाती हैं.


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक बिज़नेस की खबरें