नई दिल्ली : कर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहे घमासान में नया मोड़ आ गया है. कांग्रेस विधायक इकबाल हुसैन ने गुरुवार को दावा किया कि पार्टी के करीब 80 से 90 विधायक उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं. शिवकुमार के वफादार विधायक हुसैन ने कहा कि कई विधायकों का मानना है कि शिवकुमार के संघर्ष और कड़ी मेहनत को मुख्यमंत्री पद देकर सम्मानित किया जाना चाहिए.
रामनगर में पत्रकारों से बातचीत में हुसैन ने कहा कि शासन के नजरिए से भी यह अच्छा होगा और आने वाले चुनावों को देखते हुए भी महत्वपूर्ण है. इसी पृष्ठभूमि में हम शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद देने की मांग कर रहे हैं. मुझे यही पता है. मुझे नहीं पता कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ कौन खड़ा है और शिवकुमार के साथ कौन. उन्होंने आगे कहा कि सभी 140 विधायक बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं और करीब 80-90 विधायक नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं. हम सब शिवकुमार का समर्थन कर रहे हैं.
विदेश यात्रा पर पार्टी हाईकमान में हलचल
इसी बीच, सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के करीबी माने जाने वाले कुछ विधायकों की विदेश यात्रा को गंभीरता से लिया है. पार्टी के कर्नाटक प्रभारी और एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने उन विधायकों के नाम मांगे हैं जो इस यात्रा में शामिल थे. सूत्रों का कहना है कि यह विदेश यात्रा राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अफवाहों को शांत करने के लिए आयोजित की गई थी. सुरजेवाला ने यात्रा की प्रकृति, विधायकों के किसी खेमे से जुड़े होने और क्या यह राजनीतिक कारणों से की गई, इसकी जानकारी भी मांगी है. राज्य पशुपालन मंत्री के. वेंकटेश ने कहा कि कुछ नेताओं ने उन्हें इस यात्रा में शामिल होने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा उनके मंत्रालय द्वारा आयोजित नहीं की गई थी. मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने विधायकों की विदेश यात्रा पर कहा कि विधायक और एमएलसी अपने खर्च पर विदेश जा रहे हैं.
शिवकुमार का दिल्ली दौरा
इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने दिल्ली में सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर बैठक के बाद नेतृत्व परिवर्तन का संकेत दिया. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि समय जवाब देगा. सोनिया गांधी के आवास पर मुलाकात के बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा या राहुल गांधी से मुलाकात की, तो शिवकुमार ने कहा कि मैं 10 जनपथ आया था. मुझे यह बताने की जरूरत नहीं कि मैंने किससे मुलाकात की और क्यों की. मैं सड़क पर खड़े होकर राजनीति नहीं कर रहा. हमने राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात की और जो भी चर्चा होनी थी, वह हो गई. बस इतना ही.




