नई दिल्ली : बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने 210 से अधिक सीटें जीत ली हैं. इस चुनाव में बीएनपी ने जमात-ए-इस्लामी और छात्रों की पार्टी नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) को हराकर शानदार जीत हासिल की है और अब पार्टी प्रमुख तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. तारिक रहमान की इस जीत पर भारत ने उन्हें बधाई दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट कर कहा कि तारिक रहमान की जीत उनके प्रति बांग्लादेश की जनता के भरोसे को दिखाती है.
पीएम मोदी के इस बधाई संदेश पर अब बीएनपी की तरफ से प्रतिक्रिया आई है. बीएनपी की राष्ट्रीय स्थायी समिति के मेंबर और पार्टी के वरिष्ठ नेता नजरुल इस्लाम खान ने कहा है कि पीएम मोदी ने जनता के जनादेश को स्वीकार किया है जिसे लेकर बीएनपी उनका धन्यवाद करती है.
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि तारिक रहमान के नेतृत्व में दोनों पड़ोसी देशों और उनके लोगों के बीच के रिश्ते अब और मजबूत होंगे. हमारे नेता तारिक रहमान को बधाई देने के लिए मैं पीएम मोदी का धन्यवाद करता हूं. यह अच्छी बात है कि लोकतांत्रिक देश जनादेश का सम्मान करें. पीएम मोदी ने यह किया है और हम उन्हें धन्यवाद देते हैं.'
पीएम मोदी ने तारिक रहमान को बधाई देते हुए क्या कहा?
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तारिक रहमान को बधाई देते हुए लिखा, 'मैं तारिक रहमान को बीएनपी का नेतृत्व करते हुए बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में जीत हासिल करने पर हार्दिक बधाई देता हूं. यह जीत आपके नेतृत्व में बांग्लादेश की जनता के विश्वास को दिखाती है.'
उन्होंने आगे लिखा, 'भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा. मैं उम्मीद करता हूं कि हमारे बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए हम साथ मिलकर काम करेंगे.'

पार्टी की जीत पर क्या बोले नजरुल इस्लाम?
पार्टी की जीत पर मीडिया से बात करते हुए इस्लाम ने खुशी तो जताई साथ ही कहा कि बीएनपी भविष्य में तेरहवें संसदीय चुनाव से भी बेहतर नतीजे हासिल करेगी. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने 292 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और उम्मीद थी कि वो सभी जीतेंगे.
उन्होंने कहा, 'जब भी कोई चुनाव लड़ता है तो जीत की उम्मीद के साथ ही मैदान में उतरता है. यहां तक कि जिसे कुछ सौ वोट ही मिलते हैं, वो भी जीत के इरादे से चुनाव लड़ता है.'
लेकिन तारिक रहमान जब से बांग्लादेश लौटे हैं, भारत को लेकर उन्होंने संतुलित रुख अपनाया है. उन्होंने ढाका में एक चुनावी रैली में कहा था, 'न भारत की तरफदारी, न पिंडी (रावलपिंडी, पाकिस्तान) की... हमारे लिए बांग्लादेश पहले हैं.'
वो बांग्लादेश फर्स्ट की नीति के तहत कहते हैं कि देशों के साथ संबंध आपसी सम्मान, समानता और परस्पर लाभ पर आधारित होने चाहिए न कि निर्भरता पर. उन्होंने कहा कि कोई देश मास्टर नहीं होगा.




