लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी में तेल और गैस की किल्लत को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इस बाबत उन्होंने सभी जिलों के डीएम और एसपी को अलर्ट किया है. सीएम ने दो टूक कहा है कि गैस और तेल की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जो भी शख्स/संगठन अफवाह फैलाएगा उसके खिलाफ कानूनी एक्शन लिया जाएगा.
फिलहाल, सीएम के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय और जिला स्तर पर सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाई दी गई है. सभी जिलों की पुलिस को पेट्रोल पंपों के आसपास सतर्क निगरानी रखने को कहा गया. जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग को गैस एजेंसियों व दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं. गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि ईरान-इजरायल युद्ध के चलते खाड़ी देशों में हड़कंप मचा हुआ है. इंटरनेशनल व्यापारिक मार्गों पर इसका असर हो रहा है जिसमें तेल-गैस सप्लाई बाधित हो रही है. इसका सीधा असर अब आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं जहां लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में लगे हैं.
इन सबके बीच अयोध्या के आश्रम-मठ-मंदिरों में भोग प्रसाद और श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन के लिए चलाए जा रहे रसोई को बंद कर दिया गया है. हालांकि, वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. लखनऊ के कई होटल-ढाबे बंद हो चुके हैं. लोगों को बुकिंग करने पर भी सिलेंडर मिलने के लिए हफ्तों इंतजार करना पड़ रहा है.




