तुर्की में 5.5 तीव्रता के तेज झटके, घर से निकलकर सड़कों पर दिखे लोग
File Photo


नई दिल्ली : मध्य तुर्की में शुक्रवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. तुर्की की डिजास्टर एंड इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (AFAD) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 मापी गई है. भूकंप के झटकों ने लोगों को गहरी नींद से जगा दिया और दहशत के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.

AFAD ने बताया कि भूकंप सुबह 3:35 बजे आया. इसका केंद्र टोकाट प्रांत का निक्सार (Niksar) कस्बा था. भूकंप की गहराई जमीन से मात्र 6.4 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई. गहराई कम होने की वजह से इसके झटके काफी तेज महसूस किए गए और आसपास के कई अन्य प्रांतों में भी कंपन महसूस हुई.

राहत की बात ये है कि अभी तक किसी भी जान-माल के नुकसान या इमारतों के गिरने की खबर नहीं मिली है. AFAD ने आधिकारिक बयान में कहा कि फिलहाल कोई प्रतिकूल घटना सामने नहीं आई है.

स्थानीय लोगों में डर का माहौल
प्रशासन और आपातकालीन टीमें प्रभावित इलाकों की निगरानी कर रही हैं. भले ही प्रशासन ने सुरक्षा का भरोसा दिया है, लेकिन स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. 'हेबरतुर्क' न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, कड़ाके की ठंड के बावजूद निक्सार और टोकाट के कई निवासी अपने घरों में लौटने से डर रहे हैं.

बड़ी संख्या में लोगों को सड़कों पर और अपनी कारों के भीतर इंतजार करते देखा गया. उन्हें डर है कि भूकंप के बाद और झटके आ सकते हैं. 

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक विदेश की खबरें