नई दिल्ली : भारतीय खेल जगत के लिए बुरी खबर है। दिग्गज निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को 49 साल की उम्र में निधन हो गया। म्यूनिख से ISSF वर्ल्ड कप के बाद दिल्ली लौटते समय फ्लाइट में उनकी तबीयत बिगड़ी थी। दिल्ली एयरपोर्ट से उन्हें साकेत के मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर है। म्यूनिख से लौटते समय बिगड़ी तबीयत जसपाल राणा ISSF वर्ल्ड कप में भारतीय दल के हाई परफॉर्मेंस कोच थे। वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम के साथ म्यूनिख से नई दिल्ली लौट रहे थे। यात्रा के दौरान उन्हें असहज महसूस हुआ। फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने पर एयरपोर्ट से सीधे साकेत के मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। ऐसा रहा जसपाल राणा का करियर मूल रूप से उत्तराखंड के उत्तरकाशी निवासी जसपाल राणा ने वर्ल्ड शूटिंग चैम्पियनशिप और एशियन गेम्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीते थे। देश में निशानेबाजी को लोकप्रिय बनाने में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती है। उनकी उपलब्धियों के लिए साल 2002 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। रिटायरमेंट के बाद वह उभरती प्रतिभाओं को कोचिंग दे रहे थे।
मनु भाकर को दिलाया ओलंपिक मेडल, राजनाथ सिंह ने जताया शोक जसपाल राणा ने पेरिस ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को भी कोचिंग दी थी। टोक्यो ओलंपिक 2020 में नाकामी के बाद मनु ने उनसे ही ट्रेनिंग ली और पेरिस में मेडल जीता। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने X पर शोक जताते हुए लिखा कि जसपाल एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और कोच होने के साथ-साथ सहज, सरल और नेकदिल इंसान थे। भारत में शूटिंग को लोकप्रिय बनाने में उनकी बड़ी भूमिका थी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)




