कैप हाथ में आई तो रो पड़े वैभव सूर्यवंशी, इमोशनल डेब्यू मोमेंट वायरल
वैभव सूर्यवंशी


मैनचेस्टर :  15 साल के वैभव सूर्यवंशी का वह सपना आखिर पूरा हो गया जिसका करोड़ों फैंस को इंतजार था। 4 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत के लिए डेब्यू से पहले जब उप-कप्तान तिलक वर्मा ने उन्हें टीम इंडिया की कैप सौंपी, तो वैभव भावुक हो गए। उनकी आंखें नम हो गईं और वह आंसू पोंछते दिखे। यह इमोशनल मोमेंट कैमरे में कैद होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। डेब्यू मैच में वैभव ने 10 गेंद पर 14 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के शामिल थे।

'सपने का पल': कैप मिलते ही नम हुईं आंखें
वैभव भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल खेलने वाले 122वें खिलाड़ी बने। कैप हाथ में आते ही वर्षों की मेहनत, संघर्ष और बचपन का सपना एक साथ सामने गया। मैदान पर साथी खिलाड़ियों ने तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।




सचिन-शेफाली दोनों का रिकॉर्ड टूटा: 15 साल 99 दिन में डेब्यू
वैभव ने 15 साल 99 दिन की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू कर इतिहास रच दिया। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में 15 नवंबर 1989 को कराची टेस्ट से डेब्यू किया था।

महिला-पुरुष दोनों क्रिकेट में यह भारत का सबसे कम उम्र का डेब्यू है। इससे पहले शेफाली वर्मा के नाम रिकॉर्ड था, जिन्होंने 15 साल 239 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। वैभव अब भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर हैं।


IPL से टीम इंडिया तक का सफर: 11 गेंद में फिफ्टी
पिछले कुछ महीने वैभव के लिए सपने जैसे रहे। IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 16 मैचों में 776 रन ठोककर वह सुर्खियों में आए। इसके बाद इंडिया-ए में जगह मिली और श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया।

कैप मिलने के बाद छलकते आंसू सिर्फ भावना नहीं, बल्कि उस लंबे संघर्ष की कहानी थे जो वैभव ने बचपन से जिया है। 15 साल की उम्र में कई रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले इस युवा से अब पूरे देश को बड़ी उम्मीदें हैं।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक खेल की खबरें

"अजिंक्य रहाणे का अंतरराष्ट्रीय और सभी प्रकार के क्रिकेट से संन्यास, 17 साल के शानदार करियर को कहा अलविदा"..

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान ... ...