मिचेल स्टार्क का दिल्ली कैपिटल्स के साथ अभी जुड़ना बहुत मुश्किल, अगले 3 मैचों से हैं बाहर
मिचेल स्टार्क


नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग में चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की सेवा फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स को नहीं मिलने वाली. उनके टीम के जल्दी जुड़ने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन खबर आ रही है कि वो अभी आईपीएल में नहीं उतर पाएंगे. स्टार्क के कम से कम तीन और मैचों से बाहर रहने की संभावना है. 

रिपोर्ट के मुताबिक स्टार्क इस समय अपने घर पर कंधे और कोहनी की चोट से जूझ रहे हैं. उनके 20 अप्रैल से पहले खेलने की संभावना नहीं है. इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स को 8 अप्रैल को गुजरात टाइटंस, 11 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और 18 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ना है. स्टार्क की गैरमौजूदगी के बावजूद, दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच जीत लिए हैं.

टीम ने गेंदबाजी में मुकेश कुमार, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और विप्राज निगम को मौका दिया है. स्टार्क के टीम में जुड़ने से दिल्ली की गेंदबाजी और मजबूत होगी. बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज का दिल्ली कैपिटल्स मैनेजमेंट से लगातार संपर्क बना हुआ है.

इससे पहले स्टार्क ने मीडिया में आई उन खबरों का जवाब दिया था, जिसमें उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए गए थे. उन्होंने साफ किया कि उनकी गैरमौजूदगी सिर्फ मेडिकल कारणों से है और वह फिट होते ही टीम से जुड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. स्टार्क ने पिछले महीने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा था, “भारतीय मीडिया के कुछ लोगों की राय और विचारों के बावजूद, मैं इस समय अपने कंधे और कोहनी की चोट से उबर रहा हूं, जिसकी गंभीरता मुझे ऑस्ट्रेलियाई समर के दौरान पता नहीं थी. इन लोगों ने आईपीएल में मेरी भागीदारी को लेकर कई गलत बयान दिए हैं, खिलाड़ियों के बारे में गलत जानकारी फैलाई है और दावा किया है कि उन्हें मेरे शरीर के बारे में मुझसे ज्यादा पता है.”

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक खेल की खबरें