नई दिल्ली : इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार वनडे सेटअप में लौटे हैं। चोटिल विराट कोहली को भी टीम में जगह मिली है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लियरेंस के अधीन है। यशस्वी जायसवाल को स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया है। वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जुलाई से बर्मिंघम में होगी।
बुमराह की वापसी, कोहली पर सस्पेंस: कौन अंदर-कौन बाहर
सबसे बड़ी खबर जसप्रीत बुमराह की वापसी है। बुमराह ने आखिरी वनडे 2023 वर्ल्ड कप फाइनल में खेला था। ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी टीम में लौटे हैं। वे अफगानिस्तान सीरीज का हिस्सा नहीं थे। विराट कोहली को टीम में रखा गया है, लेकिन वो अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं। फिटनेस टेस्ट पास करने पर ही वो खेल पाएंगे।
वहीं शनिवार को अफगानिस्तान के खिलाफ 110_ रन बनाने वाले यशस्वी जायसवाल को बाहर कर दिया गया है। यशस्वी को कोहली के इंजर्ड होने पर ही अफगानिस्तान सीरीज में मौका मिला था। प्रिंस यादव और हर्ष दुबे भी वनडे स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं।
15 सदस्यीय टीम इंडिया: गिल कप्तान, अय्यर उप-कप्तान
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली_ (फिटनेस क्लियरेंस के अधीन), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार।
भारत का इंग्लैंड दौरा: 14 जुलाई से शुरू होंगे वनडे
भारत का इंग्लैंड दौरा 1 जुलाई से टी20 सीरीज के साथ शुरू होगा। 5 टी20 के बाद वनडे सीरीज खेली जाएगी।
वनडे शेड्यूल:
- 14 जुलाई: पहला वनडे, बर्मिंघम
- 16 जुलाई: दूसरा वनडे, कार्डिफ
- 19 जुलाई: तीसरा वनडे, लॉर्ड्स
वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड सीरीज से बाहर
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वो BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपना रिहैब पूरा नहीं कर पाए हैं। भारत 26 और 28 जून को आयरलैंड से 2 टी20 खेलेगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)