मैनचेस्टर : भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। शनिवार 4 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में वैभव ने 15 साल 99 दिन की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू कर सचिन तेंदुलकर और शेफाली वर्मा दोनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को डेब्यू कैप उप-कप्तान तिलक वर्मा ने सौंपी। वैभव अब भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल खेलने वाले 122वें खिलाड़ी बन गए हैं।
सचिन-शेफाली का रिकॉर्ड टूटा: 15 साल 99 दिन में डेब्यू
वैभव ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया। सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में 15 नवंबर 1989 को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट से डेब्यू किया था।
महिला क्रिकेट में शेफाली वर्मा के नाम सबसे कम उम्र में डेब्यू का रिकॉर्ड था। शेफाली ने 15 साल 239 दिन की उम्र में 24 सितंबर 2019 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 से डेब्यू किया था। अब वैभव 15 साल 99 दिन की उम्र में भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं।
IPL 2026 से उड़ीं सुर्खियां: 237.30 का स्ट्राइक रेट, 776 रन
वैभव पिछले कुछ महीनों से क्रिकेट जगत में छाए हुए हैं। IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 776 रन बनाए। इस दौरान उनका बैटिंग स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, जो उनके आक्रामक अंदाज को दिखाता है।
IPL के बाद इंडिया-ए के लिए श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में उन्होंने श्रीलंका-ए के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। यह लिस्ट-ए क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज फिफ्टी था। आयरलैंड पहुंचने के बाद BCCI ने उनके पहले नेट सेशन का वीडियो शेयर किया था, जो खूब वायरल हुआ।
'स्पेशल चैप्टर की शुरुआत': तिलक वर्मा ने दी कैप
BCCI ने X पर पोस्ट कर लिखा, "The start of a special chapter ✨ A proud moment as Vaibhav Sooryavanshi receives his #TeamIndia cap from Vice-Captain Tilak Varma ????"
महज 15 साल की उम्र में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाने वाले वैभव की प्रतिभा की तारीफ दिग्गज पहले ही कर चुके हैं। इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू के साथ उन्होंने करियर का एक और बड़ा मुकाम हासिल किया। अब फैंस को उम्मीद है कि यह युवा बल्लेबाज आने वाले सालों में टीम इंडिया के लिए कई बड़ी पारियां खेलेगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)