घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला युवक का शव
File Photo


अमेठी। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अहिरन की सरैया मजरे कोहरा गांव में घर के अंदर एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव फंदे से लटकता मिला। मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव अहिरन  की सरैया मजरे कोहरा निवासी राजाराम मौर्य अपने अन्य बेटों के साथ परदेश में रहकर नौकरी करते हैं। घर पर बेटा कुलदीप मौर्य उम्र 22 और पत्नी रहती हैं। परिजनों का कहना है कि कुलदीप बुधवार शाम खेत में पानी लगाने के लिए निकला था। 

गुरुवार सुबह घर के एक कमरे में छत में लगी हुक से मफलर के फंदे से लटकता कुलदीप का शव मिला तो परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी होने पर ग्राम प्रधान छेदीलाल ने घटना की जानकारी  कोतवाली पुलिस को  दी। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पिता व अन्य भाइयों को भी दी है।परिजनों के मुताबिक कुलदीप कब खेत से वापस आया इसकी जानकारी उनको नहीं है। सूचना पर हल्का दरोगा अनिरुद्ध कुमार सिंह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। हल्का दरोगा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें