पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 55वीं पुण्यतिथि पर बोले योगी आदित्यनाथ, कहा-बिना किसी भेदभाव के काम कर रही डबल इंजन की सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


लखनऊ : भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य, अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 55वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पंडित उपाध्याय के आदर्शों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का कल्याण व विकास पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का सपना था।

राजधानी लखनऊ के केकेसी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका पार्क में स्थित प्रतिमा पर शनिवार को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आजाद भारत में समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के कल्याण की बात करने वाली आवाज आज से 55 साल पहले साजिश का शिकार हुई।

योगी ने कहा कि पंडित उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को राष्ट्रोदय में बदलने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी से कर रही है। पहली बार मत, मजहब, क्षेत्र, भाषा के भेदभाव के बिना हर एक पात्र व्यक्ति को शौचालय, आवास, उज्ज्वला कनेक्शन मिल रहा है। बिना किसी भेदभाव विद्युत वितरण हो रहा है। देश की 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन मिल रहा है। कोरोना महामारी के दौरान वैक्सीन की 220 करोड़ डोज लोगों को मुफ्त दी गईं।

योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार आज जो कार्य कर रही है यही सपना पंडित दीनदयाल उपाध्याय का था। अपने कालखंड में उन्होंने घोषणा की थी कि जब हम सत्ता में आएंगे तो एकात्म मानववाद और अंत्योदय वास्तविक रूप में दिखेगा। यह एक राजनीतिक ऋषि का चिंतन था जिसे भाजपा सरकार ने साकार किया है।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है) 

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें