विश्व हिन्दू परिषद उत्तर प्रदेश के सभी खंडों एवं प्रखंडों में भव्य रूप से करेगी रामोत्सव कार्यक्रम का आयोजन
विश्व हिन्दू परिषद


लखनऊ : विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) उत्तर प्रदेश के सभी खंडों एवं प्रखंडों में भव्य रूप से रामोत्सव कार्यक्रम का आयोजन करेगी। प्रदेश में 30 मार्च से छह अप्रैल तक रामोत्सव कार्यक्रम संपन्न होंगे। इसमें जन सामान्य की सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए स्थानीय कार्यकर्ता प्रयास करेंगे। सभी आयोजनों में श्रीराम दरबार का चित्र प्रमुख रूप से लगाने को कहा गया है।

इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि आन्दोलन के संघर्षों पर विस्तृत चर्चा भी की जाएगी। रामोत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ विजय महामंत्र 'श्रीराम जय राम जय जय राम' के जाप से होगा। कार्यक्रम का समापन भगवान राम की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा।

विहिप पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में 30 मार्च से 06 अप्रैल के बीच रामोत्सव कार्यक्रम संपन्न होंगे। जहां-जहां विहिप की समिति है वह चाहे ग्राम, न्याय पंचायत, खंड, प्रखंड या शहरों की बस्तियां हों, सभी में रामोत्सव के कार्यक्रम होंगे।

विहिप अवध प्रांत के प्रांत मंत्री देवेन्द्र ने बताया कि अवध प्रांत में 2134 समितियां गठित हैं। अवध प्रांत में इन सभी समितियों पर रामोत्सव के कार्यक्रम होंगे।

विहिप रामोत्सव कार्यक्रम के साथ-साथ हिन्दू समाज को श्रीराम जन्मभूमि आन्दोलन के इतिहास एवं राम मंदिर निर्माण की वर्तमान स्थिति से अवगत कराएगी। इसके लिए विहिप ने एक विशेष पत्रक तैयार किया है। पत्रक में श्रीराम जन्मभूमि आन्दोलन का उल्लेख किया गया है।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें