बसंत पंचमी पर श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में लगाई डुबकी .
प्रयागराज : प्रयागराज में जारी माघ मेले में शुक्रवार को बसंत पंचमी स्नान पर्व पर 3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि कल (बृहस्पतिवार) रात 12 बजे से ही लोगों का संगम क्षेत्र में आगमन व स्नान जारी है और आज (शुक्रवार को) बसंत पंचमी पर 3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में आस्था की डुबकी लगाई।
मेलाधिकारी ऋषिराज ने बताया कि मेला क्षेत्र के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब मौजूद रहा। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से श्रद्धालुओं के आवागमन पर नजर रखी गई। पूरे मेला क्षेत्र में 400 से अधिक कैमरे क्रियाशील हैं। न्होंने कहा कि साथ ही रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों की भी निगरानी की गई तथा सभी जगहों पर पुलिस प्रशासन के कर्मचारी अधिकारी तैनात हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि बसंत पंचमी पर्व पर प्रयागराज मंडल द्वारा यात्रियों की अतिरिक्त आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 22 मेला विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया। तीर्थ पुरोहित राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि चूंकि प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का वास है, इसलिए यहां बसंत पंचमी स्नान का विशेष महत्व है। बसंत पंचमी पर पीला वस्त्र धारण करने, पीली वस्तुओं का दान करने का विधान है।