काकादेव में KDA का एक्शन: सुरक्षा मानक फेल, फिजिक्स वाला-महेंद्राज समेत 22 कोचिंग संस्थान बंद
लखनऊ हादसे के बाद KDA की टीम ने कानपुर के काकादेव समेत अलग-अलग जोनों में निरीक्षण किया।


कानपुर : लखनऊ में कोचिंग इंस्टीट्यूट में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) एक्शन में गया है। सोमवार को काकादेव कोचिंग हब में विशेष अभियान चलाकर फिजिक्स वाला समेत 22 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया। जांच में भवन और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। KDA का कहना है कि अन्य संस्थानों की भी जांच जारी है और नियम तोड़ने पर आगे भी सीलिंग होगी।


काकादेव में चला KDA का बुलडोजर: 22 संस्थान सील, खाली कराए गए सेंटर
लखनऊ हादसे के बाद KDA की टीम ने कानपुर के काकादेव समेत अलग-अलग जोनों में निरीक्षण किया। पहले चरण में 22 संस्थानों को चिह्नित किया गया जहां जरूरी नियमों का पालन नहीं हो रहा था। कार्रवाई के दौरान संस्थानों को खाली कराया गया और फिर सील कर दिया गया।

सील किए गए संस्थानों में फिजिक्स वाला, वर्कस्पेस, महेंद्राज और केमिस्ट्री वाले संजीव राठौर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


'हादसे के बाद ही जागता है प्रशासन': स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि शहर में लंबे समय से कई कोचिंग संस्थान बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों और मानकों के चल रहे हैं, लेकिन नियमित जांच नहीं होती।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग सक्रिय होता है और कुछ समय अभियान चलाकर कार्रवाई करता है। लोगों का मानना है कि समय-समय पर निरीक्षण होता रहे तो कमियां पहले ही दूर हो सकती हैं और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।


आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई: KDA
प्राधिकरण के अनुसार, विभिन्न जोनों में एक साथ अभियान चलाया गया है। फिलहाल 22 संस्थानों को सील किया गया है, लेकिन अन्य कोचिंग संस्थानों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने साफ किया कि मानकों की अनदेखी मिलने पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें