नई दिल्ली : हुंडई नई क्रेटा (Hyundai Creta) पर काम कर रही है, जो इस कार की थर्ड जनरेशन होगी. इस कार को कैमोफ्लॉज के साथ टेस्ट करते हुए स्पॉट किया गया है. टेस्ट म्यूल को देखकर ये साफ हो गया है कि अपकमिंग क्रेटा से क्या उम्मीद की जा सकती है. नई क्रेटा में हमें कई बदलाव देखने को मिलेंगे.
कार का ना सिर्फ एक्सटीरियर नया होगा बल्कि इंटीरियर भी बदला हुआ होगा. इसमें कई सारे नए फीचर्स जोड़े जाएंगे. लेटेस्ट टेस्टिंग में कार के इंटीरियर की कुछ फोटोज सामने आई हैं, जिससे साफ है कि इसमें हुंडई का प्लीओस कनेक्ट सिस्टम (Pleos Connect System) मिलेगा. स्पाई शॉट का बड़ी सेंट्रल स्क्रीन को साफ देखा जा सकता है.
नया इंटीरियर मिलेगा
मौजूदा क्रेटा 10.25 इंच के इंफॉर्मेशन और इंस्ट्रूमेंटल डिस्प्ले के साथ आती है. मई की शुरुआत में कंपनी ने प्लीओस कनेक्ट सिस्टम (Pleos Connect System) को आधिकारिक रूप से अनवील किया है. ऐसा लगता है कि कंपनी इस सिस्टम को हुंडई क्रेटा में भी दे सकती है. इस कनेक्टेड सिस्टम में एक बड़ा टचस्क्रीन और पतला ड्राइवर डिस्प्ले आता है.
हुंडई की फ्लैगशिप सेडान ग्रोंड्योर (Grandeur) में ये सिस्टम पहली बार दिया जाएगा. ये कार 17-इंच के टचस्क्रीन सिस्टम के साथ आएगी. हालांकि, क्रेटा में ये स्क्रीन कितनी बड़ी होगी, इसकी जानकारी नहीं है. कंपनी का मानना है कि ये सिस्टम ज्यादा बेहतर और स्मार्ट है, जो डिस्ट्रैक्शन को कम करता है.
साइज में बड़ी होगी नई क्रेटा
अपकमिंग क्रेटा के3 प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी, जिस पर सेकंड जनरेशन किआ सेल्टॉस को तैयार किया गया है. इसका मतलब है कि कार साइज में मौजूदा क्रेटा से बड़ी हो सकती है. साथ ही ये ज्यादा सेफ भी होगी. नई सेल्टॉस भी पुरानी के मुकाबले डायमेंशन में बड़ी है. आने वाली क्रेटा एडवांस सॉफ्टवेयर व्हीकल होगी, जिसमें ओटीए के जरिए कई बदलाव किए जा सकेंगे.
हालांकि, कार के इंजन में कोई बदलाव नहीं होगा. नई क्रेटा में भी 1.5 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन, 1.5 लीटर का डीजल इंजन और 1.5 लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिलेगा. कार मैन्युअल और ऑटोमेटिक दोनों ही गियरबॉक्स के साथ आएगी. हुंडई 1.5 लीटर के हाइब्रिड पावरट्रेन पर भी काम कर रही है, जो बाद में क्रेटा में आएगा.