उत्तर प्रदेश के सभी तटबंध सुरक्षित, अब तक 6.3 मिमी औसत हुई वर्षा : राहत आयुक्त
File Photo


लखनऊ  : उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने बुधवार को वर्षा की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि वर्तमान में प्रदेश के सभी तटबंध सुरक्षित हैं, कहीं भी किसी प्रकार की चिंताजनक परिस्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि बीते 24 घंटे में प्रदेश में 6.3 मिमी औसत वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा से 7.2 मिमी के सापेक्ष 88 प्रतिशत है। इस प्रकार प्रदेश में 01 जून से अब तक 308.9 मिमी औसत वर्षा हुए, जो सामान्य वर्षा 373.1 मिमी के सापेक्ष 83 प्रतिशत है।

राहत आयुक्त ने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तीन जिले बांदा, अमेठी एवं सुल्तानपुर में 30 मिमी या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में गंगा नदी जनपद बदायूं व फर्रुखाबाद में खतरे के जलस्तर से ऊपर बह रही है। वर्तमान में प्रदेश के 11 जिलों के 195 गांव बाढ़ से प्रभावित है। प्रदेश में वर्षा से प्रभावित जनपदों में सर्च एवं रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ-एक, एसडीआरएफ-दो एवं पीएसी-पांच की कुल आठ रेस्क्यू टीमें कार्यरत हैं। अब तक कुल 24774 ड्राई राशन किट, 137891 लंच पैकेट तथा साथ ही 2515 डिगनिटी किट भी वितरित किए गए हैं।

प्रदेश में अब तक 909 बाढ़ शरणालय, 465 पशु शिविर जिसमें चारे आदि की पर्याप्त व्यवस्था तथा 1459287 पशु टीकाकरण, 717 -बाढ़ चौकियां, 644 -मेडिकल टीम गठित/स्थापित की गई हैं। इसके अतिरिक्त 253 नावों को भी बचाव राहत कार्यों के लिए उपयोग में लाया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 2775 गौशालाओं के 4,61,778 जानवरों एवं अन्य जानवरों के लिए भी पर्याप्त चारे की व्यवस्था की गई है। प्रदेश के समस्त संवेदनशील जनपदों में कुल 3445 जगहों पर राहत चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें