भाजपा यूपी के प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने लोकसभा चुनाव 2024 के ल‍िए की नई टीम की घोषणा
फाइल फोटो


यूपी में भाजपा ने 2024 के लिए लोकसभा की सभी 80 सीटों को जीतने का लक्ष्‍य तय क‍िया है। ऐसे में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने आज यूपी भाजपा के नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है।

इसमें अवध क्षेत्र के 15 ज‍िलाध्‍यक्ष, गोरखपुर क्षेत्र के 12 ज‍िलाध्‍यक्ष, काशी क्षेत्र के 16 ज‍िलाध्‍यक्ष, कानपुर क्षेत्र के 17 ज‍िलाध्‍यक्ष, यूपी पश्‍च‍िम क्षेत्र के 19 ज‍िलाध्‍यक्ष व यूपी बृज क्षेत्र के 19 ज‍िलाध्‍यक्ष शाम‍िली हैं।  

2024 के लोकसभा चुनाव के लिहाज से इन जिला अध्यक्षों के बदलाव को काफी अहम माना जा रहा है। इस बदलाव के जरिए भाजपा न केवल क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश करेगी, बल्कि जातीय समीकरणों को भी साधने पर उसका फोकस रहेगा।

भाजपा ने लखनऊ महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी आनंद द्विवेदी को दी है, जबकि जिलाध्यक्ष पद पर विनय प्रताप सिंह को लाया गया है। भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए ब्राह्मण और क्षत्रिय चेहरों को सामने किया है।

सुलतानपुर से डा. आरए वर्मा एक बार फिर भाजपा जिलाध्यक्ष बने हैं। पार्टी हाईकमान ने उन पर भरोसा जताया है। भाजपा पिछड़ी जाति का अध्यक्ष बना लोकसभा चुनाव का समीकरण साधने की जुगत में है। आगरा में भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा और महानगर अध्यक्ष भानु महाजन को दोबारा मौका म‍िला है। दोनों पर पार्टी फ‍िर से भरोसा जताया है।

जालौन में उर्विजा दीक्षित को मिली जिलाध्यक्षी

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उर्विजा दीक्षित को जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। भाजपा के सबसे सक्रिय नेताओं में उर्विजा दीक्षित शामिल हैं। उनकी इसी सक्रियता को देखते हुए उन्हें जिले में पार्टी की कमान सौंपी गई है।

प्रयागराज में राजेंद्र मिश्र दोबारा बने महानगर अध्यक्ष, कविता गंगापार व यमुनापार की कमान विनोद प्रजापति को मिली

लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। पहले चरण में काशी प्रांत के 16 जिलों के अध्यक्ष बदले गए हैं। इनमें प्रयागराज के महानगर, गंगापार और यमुनापार के अध्यक्ष शामिल हैं। महानगर की कमान राजेंद्र मिश्र को मिली है। यह पूर्व में भी महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं, गंगापार की अध्यक्ष कविता पटेल बनाई गई हैं, जबकि यमुनपार के अध्यक्ष विनोद प्रजापति बने हैं। इसके जरिए ब्राह्मण व पिछड़ी जाति के वोटरों को साधने का प्रयास किया है।

रामपुर में पहली बार अनुसूचित जाति का भाजपा जिलाध्यक्ष बना

नवाबों के शहर रामपुर में पिछले साल हुए विधानसभा उपचुनाव में पहली बार भाजपा का विधायक बना और पहली बार ही हिंदू विधायक चुना गया। अब भाजपा ने पहली बार अनुसूचित जाति के नेता को पार्टी का जिलाध्यक्ष बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने जिला पंचायत सदस्य हंसराज पप्पू को रामपुर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री पप्पू ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। वह अच्छे कारोबारी भी हैं । उनका पेट्रोल पंप और गैस की एजेंसी है। उनके जिला अध्यक्ष बनने से समर्थकों में खुशी की लहर है।

गौतमबुद्ध नगर में भाजपा ने बदला जिलाध्यक्ष

गौतमबुद्ध नगर में भाजपा ने विजय भाटी की जगह गजेंद्र मावी को जिलाध्यक्ष न‍ियुक्‍त क‍िया है। वहीं मनोज गुप्ता को फिर से नोएडा महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी म‍िली है।

मैनपुरी में भाजपा ने बदला जिलाध्यक्ष, राहुल चतुर्वेदी को दी जिम्मेदारी

लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा ने संगठन में फेरबदल कर दिया है। शुक्रवार को राहुल चतुर्वेदी को भाजपा का जिलाध्यक्ष बना दिया गया। राहुल चतुर्वेदी भाजयुमो में कई दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। भाजपा में वह जिला उपाध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भी रहे हैं।

जौनपुर में भाजपा ने पुराने चेहरों पर जताया भरोसा

भाजपा की ओर से जिलाध्यक्षों की सूची शुक्रवार को जारी कर दी गई। पार्टी ने पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया है। जौनपुर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह व मछलीशहर जिलाध्यक्ष रामविलास पाल को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है। कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी इस बार पुष्पराज का पत्ता काट सकती है, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी की ओर से पत्र जारी किए जाने के बाद सभी चर्चाओं पर विराम लग गया है।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें