लखनऊ : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि कानून व्यवस्था संभाल पाने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ असफल रहे हैं। उन्हें नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। अजय राय ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को कुर्सी छोड़कर गोरखपुर में जाकर मठ संभालना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी अपराधियों की पनाहगाह बन गई है। सबसे ज्यादा अपराधी एवं बलात्कार के आरोपी भारतीय जनता पार्टी में हैं। उनको सरकारी संरक्षण प्राप्त है। इसीलिए कोई दिन नहीं जाता, जब हत्याएं न हो रही हों और उन हत्याओं में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर आरोप न लग रहे हों।
उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर की घटना बहुत भयावह है। डॉक्टर घनश्याम तिवारी के घुटनों में ड्रिल मशीन से छेद किए गये और पसलियों को लोहे के रॉड से मारकर तोड़ा दिया गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अभी कुछ दिनों पहले अमेठी में दलित किशोरी बेटी को बलात्कार कर उनके घर वालों को मारा-पीटा गया, किन्तु कोई कार्यवाही नही की गई।इस तरह की हर रोज घटनाएं हो रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा करते हैं।