हरदोई : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को हरदोई जिले को 541 करोड़ की 217 विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के मौके पर मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने के लिए महिलाओं को बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने के लिए नारी शक्ति को बधाई। आधी आबादी को सम्मान सशक्तिकरण से ही समाज देश का उत्थान हो सकता है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए योगी ने कहा कि पहले योजनाएं बनती थीं लेकिन महिलाओं को इसमें कोई अवसर नहीं मिलता था। आज एक-एक परिवार को चिन्हित करके सुविधा का लाभ दिया जा रहा है। पहले गरीब गांव में जिस जमीन पर अपनी झोपड़ी बनाता था, दबंग उस पर कब्जा कर लेते थे। आज पीएम स्वामित्व योजना से उन्हें सम्पत्ति का अधिकार दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों, महिलाओं, बहनों की सुरक्षा के जो पुख्ता इंतज़ाम हमने सरकार में आने के बाद किये, उसका परिणाम है कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में वर्तमान में महिला संख्या बल 40 हजार हो गयी है। डेढ़ लाख भर्ती में हमने 20 फीसदी महिला पुलिस भर्ती किये हैं। इस मौके पर सहकारित राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)जेपीएस राठौर, आबकारी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।