इंडोनेशिया के पापुआ में भूकंप के तेज झटके, रिएक्टर स्केल पर तीव्रता रही 6.2
File Photo


जकार्ता : इंडोनेशिया के पापुआ प्रांत में सोमवार को 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूभौतिकी एजेंसी ने कहा है कि सुनामी की कोई संभावना नहीं है। भूकंप का केंद्र जमीन पर 33 किलोमीटर (20.51 मील) की गहराई पर था। भूकंप की वजह से किसी के हताहत होने या कोई गंभीर नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।


अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि 5.4 तीव्रता का भूकंप पापुआ प्रांत की राजधानी जयापुरा के एक उपजिला अबेपुरा से 135 किलोमीटर (83 मील) दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। यह 13 किलोमीटर (8 मील) की गहराई पर हुआ।

इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने कहा कि सुनामी का कोई खतरा नहीं है लेकिन संभावित झटकों की चेतावनी जारी की गई है। इसने भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 6.4 मापी। एजेंसी ने कहा है कि भूकंपों के शुरुआती मापों में बदलाव आम बात है।

उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है। 270 मिलियन लोगों वाले इंडोनेशिया में अक्सर भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट और सुनामी की घटनाएं देखने को मिल जाती हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक विदेश की खबरें