बिपिन रावत, कल्याण सिंह को पद्म विभूषण, कांग्रेस के इस वरिष्ठ नेता को किया गया पद्म भूषण से सम्मानित
बिपिन रावत और कल्याण सिंह


नई दिल्ली : गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को वर्ष 2022 के लिये प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई। पद्म विभूषण के लिए सीडीएस जनरल बिपिन रावत (मरणोपरांत) और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (मरणोपरांत) का नामों की घोषणा की गयी है। जबकि कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।

देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान में से एक पद्म पुरस्कारों में वर्ष 2022 के लिये 128 हस्तियों को चुना गया है। इनमें चार पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्मश्री शामिल हैं। वहीं दो को संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया गया है। इनमें 34 महिलाओं को पुरस्कृत किया गया है, जबकि 10 व्यक्ति भारत से बाहर रहने वाले हैं। साथ ही मरणोपरांत 13 लोगों को यह पुरस्कार दिया गया है।

पद्म विभूषण के लिए शास्त्रीय संगीत गायिका प्रभा अत्रे, गीता प्रेस गोरखपुर के अध्यक्ष रहे राधेश्याम खेमका (मरणोपरांत), सीडीएस जनरल बिपिन रावत (मरणोपरांत) और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (मरणोपरांत) को चुना गया है।

पद्म भूषण के लिए कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य, कोविड-19 से जुड़ी वैक्सीन बनाने वाले सीरम इंस्टीट्यूट के साइरस पूनावाला एवं भारत बायोटेक के कृष्णा और शुचिता एला का नाम शामिल है।

उड़िया लेखिका प्रतिभा रे, गुजरात से लेखक स्वामी सच्चिदानंद और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति वशिष्ठ त्रिपाठी और कला क्षेत्र से राशिद खान का नाम भी पद्म भूषण में शामिल है।

पद्मश्री पाने वालों में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा और गायक सोनू निगम का नाम शामिल है। इनके ओलंपिक खेलों में मेडल जीतने वाले सुमित अंतिल, भारत की फील्ड हॉकी प्लेयर वंदना कटारिया, पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली अवनी लेखरा और लद्दाख के सांसद जामयांग शेरिंग नांग्याल, फिल्म निर्देशक और पटकथा लेखक चंद्रप्रकाश द्विवेदी शामिल हैं।


गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि समाज की सेवा के लिए अथक परिश्रम करने वाले निस्वार्थ व्यक्तियों के योगदान के बिना कोई भी राष्ट्र उत्कृष्ट नहीं हो सकता है। उन सभी को बधाई, जिन्हें पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमारे असली नायकों का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक देश की खबरें