प्रधानमंत्री मोदी ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को घेरा
फाइल फ़ोटो


सीतापुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यूपी के सीतापुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती सपा सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार का मतलब है कि महिलाओं की मनचलों से सुरक्षा और माफियाराज, दंगाराज व गुंडाराज से मुक्ति। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में महिलाएं सुरक्षित हैं। वो देर रात अपने घरों से बाहर निकल सकती हैं। जबकि सपा सरकार में ऐसा नहीं था। यूपी में भाजपा की सरकार होने का मतलब है कि केंद्र की योजनाओं का डबल स्पीड से प्रदेश में कार्यान्वयन। डबल इंजन की सरकार होने से प्रदेश तेज रफ्तार से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपी का विकास वो लोग नहीं कर सकते जो दंगाइयों को, गुंडों को, माफिया को बढ़ावा देते हों। उत्तर प्रदेश के जागरूक लोग इस बात को जानते हैं इसलिए तो वो कह रहे हैं- आएगी तो भाजपा ही, आएंगे तो योगी ह। 2017 के पहले खनन माफिया और भूमाफिया का ही राज चलता था। सीतापुर के किसान कभी नहीं भूल सकते कि कैसे गन्ना बेचने आए किसानों पर मिल के फाटक के सामने लाठियां बरसाई गई थीं। इनका ट्रैक रिकॉर्ड गन्ना फैक्ट्रियों को बंद करने का भी रहा है। योगी सरकार नई गन्ना फैक्ट्रियां भी लगा रही हैं और पुरानी फैक्ट्रियों की क्षमता भी बढ़ा रही है।

प्रदेश में 2007-2017 के बीच 10 साल में इन्होंने 2 लाख से भी कम सरकारी नौकरियां यूपी के युवाओं को दी थी। योगी सरकार ने 5 साल में 4.5 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं। मोदी ने कहा कि घोर परिवारवादियों की सरकार में नौकरियां किस तरह मिलती थीं, ये यूपी के लोग अच्छे से जानते हैं। उन्होंने कहा कि आज हम लोकल के वोकल होने की बात कर रहे हैं। इसके पीछे हमारा यही प्रयास हैकि देश में अधिक से अधिक उत्पादन हो, रोजगार के अधिक से अधिक अवसर बनें। घोर परिवारवादियों ने इतने वर्षों तक अपने कारीगरों पर हुनर के बजाय विदेश से आयात पर ही बल दे दिया। हमने झांसी से लेकर अलीगढ़ तक डिफेंस कॉरिडोर का काम शुरू किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वोकल फॉर लोकल बोलने पर भी विपक्ष के नेताओं को दुख होता है। क्योंकि ये बोलने से क्रेडिट मोदीजी को योगी जी को मिलेगा। घोर परिवारवादियों की सोच ने वर्षों तक अपने कारीगरों के हुनर पर बल देने के बजाए, विदेश से आयात पर बल दिया। योगी जी की सरकार यूपी के लोगों को इन दंगाइयों से अपराधियों से मुक्ति दिलाने का काम कर रही है इसलिए आज पूरा यूपी कह रहा है- जो कानून का राज लाए हैं, हम उनको लाएंगे।

मोदी ने कहा कि अगर आपके पास घर है, बंगला है, गाड़ी है, उद्योग है, खेत खलिहान है, सुख ही सुख है, लेकिन आपकी जवान बेटी या बेटा घर से बाहर गया हो और शाम को उसका शव आए तो ये घर, ये पैसे किस काम के? आपको सुरक्षा चाहिए। जब कानून का राज नहीं होता, तो सबसे ज्यादा पिसना गरीब को ही पड़ता है। भाजपा सरकार ने यूपी में 2 करोड़ से ज्यादा शौचालयों का निर्माण करके माता-बहनों की बहुत बड़ी परेशानी दूर की। शौचालय को इज्जतघर नाम उत्तर प्रदेश से ही मिला है।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें