करहल में अखिलेश के लिए मुलायम सिंह ने मांगे वोट
करहल में मुलायम सिंह यादव


मैनपुरी : समाजवादी पार्टी के संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने इस विधानसभा चुनाव में पहली बार अपने बेटे अखिलेश यादव के लिए चुनावी प्रचार किया। उन्होंने मैनपुरी जिले के करहल में गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां लोग उम्मीद के साथ आए हैं, ये उम्मीद सपा की सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भीड़ देखकर मेरी जिम्मेदारी बढ़ गई है। मैं विश्वास दिलाता हूं, आपको निराश नहीं करेंगे। मुलायम सिंह यादव ने अपील करते हुए कहा कि मेरी भावना का मान रखना और करहल से अखिलेश यादव को भारी मतों से जिताना। 

मुलायम सिंह ने कहा कि गरीबी और बेरोजगारी बढ़ी है। जनता परेशान है। गरीबी है, बेरोजगारी है। किसानों के सामने आय की समस्या है। उन्होंने कहा कि सपा की नीतियां स्पष्ट हैं। किसानों के लिए खाद और बीज का इंतजाम किया जाएगा। सिंचाई के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। पैदावार बढ़ेगी तो किसानों की हालत सुधरेगी। नौजवानों को नौकरी मिलेगी।   उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनेगी तो नौजवानों के रोजगार का इंतजाम किया जाएगा। व्यापारियों को सुविधाएं दी जाएंगी। जिससे वो किसान की फसल खरीद सकेंगे। याद रखना देश को किसान, व्यापारी और नौजवानों ही मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां इतनी भीड़ देखकर साफ है कि जनता बदलाव चाहती है।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव कार से सभा स्थल पर पहुंचे। फिरोजाबाद में सभा को संबोधित करने के बाद अखिलेश यादव भी हेलीकॉप्टर से उसी सभा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मंच पर मौजूद पिता मुलायम सिंह यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। अखिलेश ने कहा कि नेताजी के आने से कार्यक्रम की शोभा बढ़ी है। ये नेताजी का क्षेत्र रहा है। यहां नेताजी ने कुश्ती लड़ी और लड़ाई भी। 

गुरुवार को दो दिग्गज एक ही विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल के समर्थन में गृह मंत्री अमित शाह जनसभा को संबोधित करने आए थे। वहीं मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव भी जनसभा को संबोधित करने आए थे। दोनों कार्यक्रम स्थलों की दूरी बमुश्किल दो किलोमीटर के करीब थी। अखिलेश ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वह जहां आए तो रास्ते में एक ओर कार्यक्रम दिखा जिसमें मैदान और कुर्सी खाली थीं। नेताजी आने आने वाले हैं तो वह हेलीकॉप्टर लेकर उड़ गए।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें