सिंगापुर : अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन का मानना है कि एशिया में सिर्फ भारत ही चीन से टक्कर ले सकता है। सिंगापुर में चल रहे शागरी-ला डायलॉग में चीन पर निशाना साधते हुए उन्होंने साफ कहा कि भारत की बढ़ती ताकत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता लाने में मददगार साबित होगी।
अमेरिकी रक्षा मंत्री अपने व्याख्यान में चीन पर हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि चीन लगातार भारत सहित एशिया के अन्य देशों के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार कर रहा है। ऐसी कोशिशों से केवल तनाव में ही वृद्धि होगी। उन्होंने ताइवान और दक्षिण चीन सागर के क्षेत्र में चीन की नौसेना के बढ़ते प्रभाव को चिंता का विषय करार दिया।
लॉयड ऑस्टिन ने कहा कि अमेरिका दुनिया में नई क्षमताओं के विकास पर काम कर रहा है। इनमें मानव रहित विमान, लॉन्ग रेंज मिसाइल और रडार जैसे उपकरण शामिल हैं। ये उपकरण आक्रामकता को रोकने में मदद करेंगे। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी वैज्ञानिक उच्च ऊर्जा वाले लेजर हथियारों का प्रोटोटाइप बनाने की ओर बढ़ रहे हैं जो मिसाइलों को तबाह कर सकते हैं।