सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कर्नाटक मैं चुनाव प्रचार किया
अखिलेश यादव


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कर्नाटक प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार के लिए तीन दिवसीय दौरे पर हैं। अखिलेश यादव 5 मई से कर्नाटक विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए प्रचार कर रहे हैं। आज उनके तीन दिवसीय कार्यक्रम का अंतिम दिन है ।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को वोट डाले जाएगें। कर्नाटक विधान सभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के 14 प्रत्याशी मैदान में है। यह जानकारी आज यहां पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने दिया है। राजेंद्र चौधरी ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी इस चुनाव में कम से कम 5 सीटों पर जरूर विजय प्राप्त करेगी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इस कार्यक्रम के जरिए कर्नाटक में पार्टी के संगठन में जान फूंकने की कोशिश कर रहे हैं। सपा अध्यक्ष की ओर से 5 स्थानों पर जनसभाओं का कार्यक्रम है। अफजलपुर, कलबुर्गी, चित्रदुर्ग समेत कई इलाकों में समाजवादी पार्टी की स्थिति बेहतर मानी जा रही है। इसलिए, अखिलेश इन इलाकों में जनसभाओं को संबोधित कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग अपील कर रहे हैं। दरअसल, समाजवादी पार्टी को बड़े स्तर पर ले जाने की कोशिश लगातार अखिलेश यादव करते दिख रहे हैं।

समाजवादी पार्टी कर्नाटक के प्रदेश अध्यक्ष एन मनजप्पा विधान सभा क्षेत्र चित्रदुर्ग से, एल गिरीश विधान सभा क्षेत्र चेन्ना पटना से, नागराज के. एस. विधान सभा क्षेत्र यशवंतपुर से, थम्मप्पा सी. विधान सभा क्षेत्र कोलार से, आर वेणुगोपाल विधान सभा क्षेत्र बेल्लारी सिटी से, श्री पारश्रेरम विनायक विधान सभा क्षेत्र सोराभा से, रूद्र गौडा डी पाटिल विधान सभा क्षेत्र अफजलपुर से, ए वी नारायन विधान सभा क्षेत्र  डोड्डा बल्लापुर से, सम्पूर्ण गौडा विधान सभा क्षेत्र बातारायनपुरा से, मोनी सैफुल्ला विधान सभा क्षेत्र सर्वज्ञा नगर, जयप्पा पीएस विधान सभा क्षेत्र होललकेरे से स्वामी जी विधान सभा क्षेत्र जगलुर,  अफसर खान विधान सभा क्षेत्र पदमनाभ नगर,  मडे गौडा विधान सभा क्षेत्र मगाडी से प्रत्याशी है।


समाजवादी पार्टी इन विधानसभा क्षेत्रों में मजबूती से चुनाव लड़ रही है। चुनावी दौरे के पहले दिन श्री अखिलेश यादव ने 5 मई को समाजवादी पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में गुलबर्गा और अफजलपुर विधानसभा क्षेत्रों में सभा कर जिताने की अपील की। चुनावी दौरे के दूसरे दिन अखिलेश यादव ने विधान सभा क्षेत्रों में रोड शो के साथ पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की। आज अंतिम दिन भी कुछ क्षेत्रों में जनसभा को संबोधित करेंगे।

अपने भाषणों में लगभग हर जगह अखिलेश यादव ने कर्नाटक की जनता से बदलाव की अपील करते हुए कहा कि भाजपा की गलत नीतियों और भ्रष्टाचार ने प्रदेश और देश को तबाह कर दिया है। सत्ता लोलुप भाजपा की गलत नीतियों से किसान, नौजवान, व्यापारी सहित हर वर्ग परेशान और बर्बाद हो रहा है।


अधिक देश की खबरें