विस उपचुनाव : आजम के गढ़ स्वार और छानबे में अपना दल (एस) प्रत्याशी जीते, सपा रामपुर में भी सपा साफ़
शफीक अहमद अंसारी और रिंकी कोल


लखनऊ : उत्तर प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में अपना दल (एस) के उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिला है। रामपुर की स्वार सीट पर हुए उपचुनाव में आजम खान का इमोशनल कार्ड भी काम नहीं आया और जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन दल अपना दल (एस) के शफीक अहमद अंसारी के सिरमौर जीत का ताज पहनाया। वहीं छानबे विधानसभा की जनता ने रिंकी कोल को चुनकर दिवंगत अपना दल (एस) के विधायक राहुल कोल का जलवा बरकरार रखा है। 

उत्तर प्रदेश की स्वार और छानबे विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए। दोनों ही सीटों पर बीती 10 मई को मतदान सम्पन्न हुआ। शनिवार को मतगणना में दोनों ही सीटों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवारों को करारी शिकस्त का मुंह देखना पड़ा। दोनों सीटें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दल अपना दल (सोनेलाल) के उम्मीदवारों को जीत दर्ज की।

अपना दल के उम्मीदवार शफीक अहमद अंसारी ने सपा उम्मीदवार अनुराधा चौहान को रामपुर की स्वार सीट पर हराकर जीत दर्ज की। जबकि मीरजापुर की छानबे सीट पर सपा की कीर्ति कोल को हार का मुंह देखना पड़ा। यहां की जनता ने अपना दल (एस) की रिंकी कोल को चुनकर उनके दिवंगत पति राहुल कोल के अधूरे छूटे कार्यों को करने का मौका दिया है।

आजम खान का इमोशनल कार्ड बेअसर
रामपुर की स्वार सीट पर सपा का कब्जा था। इस सीट पर आजम खान के बेटे अब्दुला आजम खान विधायक थे। उनकी विधानसभा सदस्यता जाने के बाद यहां पर उपचुनाव हुआ। उपचुनाव में आजम खान ने अपने दल के उम्मीदवार अनुराधा चौहान को चुनाव मैदान में उतारा था। चुनाव प्रचार के दौरान जनता से आजम अपना दुखड़ा सुनाकर वोट बैंक को साधने की कोशिश की, लेकिन जनता उनके इमोशनल कार्ड में नहीं आई और अपना दल के शफीक अंसारी को चुनकर विधानसभा भेज दिया।

केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जताई खुशी
उपचुनाव में स्वार और छानबे की दोनों सीटों पर अपना दल (एस) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इस जीत को लेकर अपना दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी है। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने मिठाई वितरण कर खुशी व्यक्त की। इस मौके पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि रामपुर के स्वार विधानसभा सीट की जीत अमन व विकास पसंद जनता ने अपना दल, भाजपा व निषाद पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं व समर्थकों एवं प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के सुशासन व विकास की जीत है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए एनडीए गठबंधन के समर्पित कार्यकर्ताओं का बहुत-बहुत आभार। स्वार के कर्मठ व जुझारू उम्मीदवार शफीक अहमद अंसारी को मिली ऐतिहासिक जीत एनडीए गठबंधन की शक्ति एवं जन स्वीकार्यता का प्रतीक है। इस विजयोत्सव के लिए देवतुल्य मतदाताओं का बहुत बहुत आभार। वहीं छानबे सीट पर रिंकी कोल की जीत पर उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता के मिले समर्थन का आभार जताया है। उप्र सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने भी दोनों सीटों पर मिले जनादेश को कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम बताया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें