स्पोर्ट्स कोटे से चयनित 227 आरक्षियों को मुख्यमंत्री योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र, शुभकामनाएं दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में खिलाड़ी कोटे में चयनित 227 आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। जिन्हें नियुक्ति पत्र मिला उनमे 137 पुरुष और 90 महिलाएं शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों में यूपी के अलावा कई अन्य राज्यों के युवा शामिल हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं में खेल को लेकर एक अलग ऊर्जा का संचार हुआ है। आज हम प्रतिभावान खिलाड़ियों को पुलिस बल का हिस्सा बना रहे हैं।  सभी अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं देता हूं।


सीएम योगी ने कहा खिलाड़ी कोटे से होने वाली यह उप्र की अब तक की सबसे बड़ी नियुक्ति है जिसमें इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को नौकरी दी गयी है। आज दिव्या काकरन को नायब तहसीलदार के पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गयी है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी कोटे से 479 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। 304 पुरुष और 175 महिला खिलाड़ी हैं। इनमें यूपी से 371 खिलाड़ी हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, कर्नाटक, केरल समेत कई अन्य राज्यों के खिलाड़ियों का चयन हुआ है।हैं।

नवचयनितों को नसीहत देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आप उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। आमतौर पर सरकारी नौकरी मिलने के बाद लोग शिथिल पड़ जाते हैं। सोचते हैं कि अब तो नौकरी मिल ही गयी है। यह ठीक नहीं है। आगे भी आपको ऐसे ही अनुशासित रहते हुए कठिन परिश्रम करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 150 प्रशिक्षकों की तैनाती करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्ष में खेल गतिविधियां बढ़ी हैं। प्रदेश सरकार ने खेल अवस्थापना के लिए नए प्रयास किये हैं।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें