रायबरेली : तालाब नहाने गए पांच बच्चों की डूबने से मौत
रोते बिलखते परिजन


लखनऊ : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के डलमऊ थाना क्षेत्र में तालाब में नहाने गए 5 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बच्चों के मौत की खबर सुनकर परिजनों और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है   स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। प्रशासन के द्वारा मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने की बात कही गई। 

बता दें कि गदागंज थाना क्षेत्र के बांसी रिहायक के मंगतन का डेरा गांव के बगल से एक नाला निकला हुआ है। जो गांव के बगल से ही गया है और तालाब के आकार का हो गया। जिसमें बरसात का पानी अधिक हो गया है। उसी तालाब में रितु पुत्री जीतू उम्र लगभग 8 वर्ष, सोनम पुत्री सोनू उम्र लगभग 10 वर्ष अमित पुत्र सोनू उम्र लगभग 8 वर्ष वैशाली पुत्री विक्रम उम्र लगभग 12 वर्ष तथा रूपाली पुत्री विक्रम नहा रहे थे तभी गहरे जल में चले जाने के चलते डूब कर मौत हो गई। 5 बच्चों की एक साथ मौत होने से चारों तरफ चीख-पुकार मच गया। 

शासन प्रशासन मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जानकारी करने में जुट गया। मौके पर पहुंचे एडीएम प्रशासन प्रफुल्ल त्रिपाठी ने भी मौके का मुआयना किया। जिस पर उन्होंने मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने की बात कही। सूचना पर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी भी पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। डलमऊ एसडीएम आसाराम वर्मा ने कहा कि दैवीय आपदा के तहत सभी मृतक बच्चों के परिजनों को चार लाख रुपए की सहायता प्रदान कराई जाएगी।

 पांचों मृतक बच्चों के साथ सोनिका उम्र लगभग 12 वर्ष, संधिका उम्र लगभग 8 वर्ष व विशेष उम्र लगभग 4 वर्ष भी नहा रहे थे। जिन्हें सोनिका ने रस्सी के सहारे संधिका और विशेष को डूबने से बचा लिया। एडीएम प्रशासन त्रिपाठी ने बच्चों को सूझबूझ से बचाने के लिए सोनिका को पुरस्कृत करवाने की बात भी कही। मृतक ऋतु के दो बहन और तीन भाई थे। रितु अपनी बहन और दादी के साथ रहती थी। माता पिता कानपुर में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। 

घटना के समय माता-पिता नहीं थे। वही सोनू के 2 पुत्र थे एक सोनम और दूसरे अमित, मृतक के माता-पिता कानपुर में दिहाड़ी मजदूर का कार्य करते हैं। वही वैशाली और रूपाली के पिता भी गांव में मजदूरी का कार्य करते हैं। मृतक वैशाली और रूपाली गांव के ही प्राइमरी स्कूल बांसी रिहायक में पढ़ने जाती थी। पांचो बच्चों की मौत की खबर जब परिजनों को लगी तो गम का पहाड़ टूट पड़ा। कोई अपनी बिटिया की बातों को बताकर रो रहा था तो कोई अपनी बेटे की कहानी को बताकर दहाड़ मार-मार कर रो रहा था हर किसी के आंखों में आंसू टपक रहे थे।

मृतक के परिजनों को दी जाएगी चार लाख की सहायता
जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने बताया कि 8 जुलाई को जनपद में ग्राम मंगता डेरा मजरे बांसी रिहायक तहसील डलमऊ में आबादी के किनारे बने तालाब में 5 बच्चों के नहाते समय डूबकर मृत्यु हो गई। इन बच्चों में रितु, सोनम, अमित, वैशाली और रुपाली शामिल है। यह प्रकरण राज्य आपदा मोचक निधि के अंतर्गत आता है। जिसमें प्रति मृतक बच्चे के परिजनों को चार लाख की अहेतुक सहायता प्रदान की जाएगी। 

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें