सीएम योगी ने लोकभवन में चयनित 510 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
समीक्षा, सहायक समीक्षा अधिकारी 199, परिवहन के 183 और निर्वाचन के 128 कनिष्ठ सहायकों का हुआ चयन


लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 199 समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी (सचिवालय प्रशासन विभाग), परिवहन विभाग के 183 कनिष्ठ सहायक, निर्वाचन विभाग में 128 कनिष्ठ सहायक, कुल मिलाकर 510 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मुझे खुशी हो रही है कि आज नियुक्ति पाने वालों में गोण्डा, बिजनौर, अयोध्या और अंबेडकरनगर के हैं। पहले यह संभव नहीं था। सिर्फ कुछ जिलों के लोग ही चयनित होते थे। पिछले छह साल में लगभग छह लाख सरकारी नौकरी दी गयी है। पिछले डेढ़ वर्ष की बात करें तो 16 नियुक्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किये गए। 54 हजार से अधिक सरकारी नौकरी देने में हम सफल हुए हैं। यह इस बात को साबित करता है कि जहां चाह वहां राह।

ममता सरकार पर हमला
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव आपने देखा है। जिस दिन मतदान था, उस दिन तो हिंसा के चलते लोगों की मौत हुई ही, मतगणना के दौरान भी लोग मारे गये। पंचायत चुनाव से लेकर निकाय के चुनाव हुए। लोक सभा चुनाव हुए। कोई हिंसा नहीं हुई। कोई उपद्रव नहीं। बूथ कैप्चरिंग की कोई गुंजाइश नहीं। वे लोग लोकतंत्र की बात करते हैं। सबसे अधिक लोकतंत्र का गला वे लोग ही घोंटते हैं जो लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए हल्ला करते हैं।

संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने नवचयनित युवाओं से कहा कि कल तक आप लोग सरकारी दफ्तरों में जाने पर कर्मचारियों, अधिकारियों से जो व्यवहार करते थे, अब आप से भी वही अपेक्षा होगी। दूसरी अपेक्षा लोग करते हैं कि उनका कार्य बिना लाग-लपेट के हो जाए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद से आप सामान्य नागरिक नहीं रह गए। आप पर भी जिम्मेदारी है। उसे बेहतरी के साथ निभाईए। आपकी पारदर्शी तरीके से भर्ती हुई है। आज हर कोई चाहता है कि उसके प्रदेश का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हों।

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि पहले नौकरियों में लूट होती थी। आज योग्य युवाओं के घर नौकरी चल कर जाती है। पूरी पारदर्शिता के भर्ती प्रक्रिया अपनाई गयी है। यह सरकारी नौकरी की बात है, परिवहन विभाग में संविदा कर्मियों की भर्ती में भी इसी प्रकार की पारदर्शी व्यवस्था अपनाई गयी है।


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें