यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त, दुष्कर्म के मामलों ने बना रखा रिकॉर्ड : अखिलेश यादव
अखिलेश यादव


लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार दावा करती है कि राज्य में महिलाएं सुरक्षित है, रात में बेखौफ होकर गहने पहन कर निकल सकती है। लेकिन जहां पर तो दिन दहाड़े ही बेखौफ लुटेरे महिलाओं के साथ लूटमार करते है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और लूट, चेन स्नेचिंग, अन्याय, अत्याचार से महिलाएं, बेटियां और आमजन परेशान है। 


सपा मुखिया अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि गोरखपुर के गिरधरगंज में दस लाख की लूट हो गयी. गोरखपुर मुख्यमंत्री जी का गृह जनपद है. वहां अपराधों पर जब नियंत्रण नहीं तो बाकी जगहों का क्या हाल होगा? कानपुर में महीने भर में चेन स्नेचिंग की दस से ज्यादा लूट की घटनाओं से हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है। बीजेपी सरकार के 6 साल में कानून व्यवस्था में लगातार गिरावट आई है। 


महिलाओं से दुष्कर्म के मामले में उत्तर प्रदेश ने रिकॉर्ड बना रखा है। महिलाओं और बेटियों के साथ हो रहे अत्याचारों और अपराधों को रोक पाने में बेलगाम पुलिस विफल है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के बांदा जिले के नरैनी में स्कूल में घुसकर महिला शिक्षामित्र के साथ छेड़छाड़ की गई। विरोध करने में जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। बरेली के बिथरी चैनपुर में बदमाशों ने सर्राफा की आंख में मिर्च का पाउडर झोंककर स्कूटी लूट ली। 


वहीं, उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ में लूट की कई घटनाएं हो चुकी है। जहां पर तो एक दिन में आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक घटनाएं दर्ज हुई है। 11 जुलाई की रात को एक सर्राफा को लूट लिया गया। लेकिन पुलिस ने चोरी की धारा लगाकर मामला दबा दिया। चिनहट के मटियारी में एक घर से लाखों की चोरी हो गई। इसी तरह कई और भी घटनाएं दर्ज की गई है। इसी से पता लगाया जा सकता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें