पढ़े - हॉलीवुड में हड़ताल की वजह से एमी अवॉर्ड्स की डेट बढ़ी
फाइल फोटो


हॉलीवुड जगत में चल रही लेखकों और कलाकारों की हड़ताल दुनिया भर में सुर्खियां बटोर रही है। इस हड़ताल की वजह से कई बड़ी फिल्में अटक गई हैं। अब इसका असर टीवी जगत के सबसे चर्चित कार्यक्रम एमी अवॉर्ड्स पर भी पड़ा है, जिसे 2024 तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

सितंबर में होना था कार्यक्रम

एमी अवॉर्ड्स को टीवी और वेब सीरीज की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक माना जाता है। पहले एमी अवॉर्ड्स 2023 की घोषणा 18 सितंबर को होनी थी। पिछले कुछ दिनों से हड़ताल की वजह  इसके टलने की आशंका जताई जा रही थी। लेखकों और अभिनेताओं की हड़ताल की वजह से हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री ठप पड़ी है। जैसे ही फिल्मों और टीवी शो का निर्माण रुका, यह अनुमान लगाया जा रहा था कि एमी अवार्ड्स जैसे प्रमुख कार्यक्रम भी इससे प्रभावित होंगे।

एक ही शो को मिले थे 27 नॉमिनेशन

कुछ दिनों पहले ही एमी अवॉर्ड्स 2023 के नॉमिनेशन्स की घोषणा की गई थी, जिसमें 'सक्सेशन' को अलग-अलग कैटेगरी में 27 नॉमिनेशन मिले थे। वहीं 'द लास्ट ऑफ अस' के नाम कुल 24 नॉमिनेशंस थे।

हड़ताल से क्यों प्रभावित हुआ कार्यक्रम

हड़ताल के दौरान कलाकार अपने शो का प्रमोशन नहीं कर सकते हैं। वे किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकते। समारोह में होस्ट-प्रजेंटर की स्क्रिप्ट भी तैयार नहीं हो सकती, क्योंकि लेखक भी हड़ताल पर हैं।

9/11 हमले के बाद पहली बार स्थगित हुआ कार्यक्रम

एमी अवॉर्ड्स बीते 2 दशक में कभी स्थगित नहीं हुआ था। पिछली बार ऐसा 2001 में हुआ था। तब वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए आतंकी हमले की वजह से इसे स्थगित किया गया था, जब पूरा राष्ट्र शोक में डूबा हुआ था। उस साल इसे नवंबर में आयोजित किया गया था।

भारतीय मूल की पद्मा लक्ष्मी को भी मिला है नॉमिनेशन

भारतीय मूल की मॉडल-होस्ट पद्मा लक्ष्मी को भी इस साल नॉमिनेशन मिला है। उन्हें 'टॉप शेफ' के लिए एमी अवॉर्ड्स में नॉमिनेशन मिला है। लक्ष्मी का यह तीसरा एमी नॉमिनेशन है। कुछ समय पहले ही लक्ष्मी ने 'टॉप शेफ' को छोड़ने का ऐलान किया था। इसके बाद हाल ही में पूर्व विजेता क्रिस्टेन किश को नए सीजन होस्ट करने की कमान मिली है। 'टॉप शेफ' अमेरिकी कुकिंग रिएलिटी शो है। पद्मा लक्ष्मी ने इसके 19 सीजन होस्ट किए हैं।

हॉलीवुड में क्यों जारी है हड़ताल

हॉलीवुड लेखकों का संगठन करीब 2 महीने से हड़ताल पर है। जुलाई में कलाकारों का संघ भी अपने लेखक साथियों के समर्थन में उतर आया और हड़ताल की घोषणा की। हॉलीवुड के लगभग तमाम एक्टर्स  के सदस्य हैं।

हड़ताल के पीछे इनकी मांग ये है कि वेब सीरीज के लिए भी लेखकों को फिल्मों और टीवी शो की तरह पैसे मिलें। इसके पेंशन और हेल्थ फंड को बेहतर किया जाए और AI के दौर में इनके रोजगार को सुरक्षा प्रदान की जाए।


अधिक मनोरंजन की खबरें