रूस-यूक्रेन के बीच एक बार फिर भीषण युद्ध, हवाई अड्डे और मॉस्को में ड्रोन हमला, कीव में मिसाइलें की बारिश
रूस ने भी यूक्रेन की राजधानी कीव पर किया मिसाइलों से हमला


मॉस्को : रूस और यूक्रेन का युद्ध एक बार फिर तेजी पकड़ रहा है। बुधवार को रूस के पेस्कोव हवाई अड्डे और राजधानी मॉस्को सहित छह शहरों में यूक्रेन ने ड्रोन से हमला किया। इस हमले में चार बड़े रूसी सैन्य विमान क्षतिग्रस्त हो गए और विमानों की आवाजाही बंद हो गयी। जवाब में रूस ने भी यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइलों से जोरदार हमला किया।

यूक्रेन पर रूसी हमला हुए डेढ़ वर्ष से अधिक हो गया है। बुधवार को रूस पर यूक्रेन ने युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। उत्तर-पश्चिमी रूसी शहर पेस्कोव स्थित एक हवाई अड्डे पर ड्रोन हमला हुआ है, जिसमें चार बड़े रूसी मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा रूस की राजधानी मॉस्को सहित छह शहरों को निशाना बनाया गया है। 

पेस्कोव के गवर्नर मिखाइल वेदर्निकोव ने बताया कि वह हमले के दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद थे। उन्होंने इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि एयरपोर्ट से आग की ऊंची लपटें उठ रही हैं। वेदर्निकोव ने बताया कि हमले से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन कोई भी हताहत नहीं हुआ है।

 बताया जा रहा है कि सिर्फ पेस्कोव में ही नहीं बल्कि रूस के छह शहरों में ड्रोन अटैक हुआ है। पेस्कोव शहर एस्टोनिया की सीमा के करीब पड़ता है और यूक्रेन से 600 किमी. से भी अधिक दूरी पर स्थित है। रूसी हवाई अड्डे पर हुए हमले की जिम्मेदारी यूक्रेन ने नहीं ली है, लेकिन यह माना जा रहा है कि बीते कुछ सप्ताह से रूस पर हमले के लिए यूक्रेन ने विस्फोटक ड्रोन का इस्तेमाल अधिक कर दिया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक विदेश की खबरें