मोरक्को में भूकंप से मरने वालों की संख्या पहुंची 632 के पार, अभी बढ़ सकता है आंकड़ा
मोरक्को में शक्तिशाली भूकंप


रबात : मोरक्को में शुक्रवार देर रात हाई एटलस पहाड़ियों पर आए शक्तिशाली भूकंप से बड़े पैमाने पर क्षति हुई है। अब तक 632 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। तमाम इमारतें नष्ट हो गई हैं। प्रमुख शहरों के लोगों को अपने घरों को छोड़ना पड़ा है।

मीडिया रिपोर्ट्स में मोरक्को के आंतरिक मंत्रालय के हवाले से कहा गया है कि अब तक 632 लोगों की मौत हो चुकी है और घायलों की संख्या बढ़कर 329 हो गई। मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर मौतें पहाड़ी इलाकों में हुई हैं, जहां तत्काल पहुंचना मुश्किल था।

आंतरिक मंत्रालय ने मृतकों की संख्या पर टेलीविजन पर प्रसारित अपने बयान में लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह किया है। मंत्रालय ने कहा है कि भूकंप ने अल हौज, उआरजाजेट, मराकेश, अजीलाल, चिचौआ और तारौदंत प्रांतों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है।

मोरक्को के भू-भौतिकी केंद्र ने कहा कि भूकंप हाई एटलस के इघिल क्षेत्र में आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.2 थी। अमेरिकी भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भूकंप की तीव्रता 6.8 बताई है। उसने कहा है कि यह 18.5 किलोमीटर (11.5 मील) की अपेक्षाकृत उथली गहराई पर था।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक विदेश की खबरें