आइएनडीआइए की एकता पर अजय राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में हैं ये अंतर
फाइल फोटो


उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के समाजवादी पार्टी पर निशाना साधने से आइएनडीआइए में घमासान तय है। अजय राय ने मऊ जिला चिकित्सालय परिसर घोसी के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह की जीत में कांग्रेस का बड़ा योगदान बताया तो उत्तराखंड के बागेश्वर में कांग्रेस प्रत्याशी की हार का ठीकरा समाजवादी पार्टी पर फोड़ा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने घोसी में अपना प्रत्याशी न उतारकर सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह का प्रचार किया और जिताया। इसके विपरीत अखिलेश यादव ने उत्तराखंड में हमारा साथ नहीं दिया। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के कारण कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। यदि समाजवादी पार्टी उत्तराखंड में साथ देती तो वहां पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होती। उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी की कोई अस्तित्व नहीं है। बागेश्वर में उनको 2200 वोट मिले, हमारा प्रत्याशी वहां 1600 वोट से हारा।

समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में अंतर

आइएनडीआइए की एकता पर अजय राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कहते थे कि कांग्रेस बड़ा मन करे। हमने बड़ा मन करते हुए घोसी में उनका सहयोग किया। हमने गठबंधन का धर्म निभाते हुए आइएनडीआइए प्रत्याशी सुधाकर सिंह को जीत दिलाई। कांग्रेस तो सबको साथ लेकर चल रही है।

अब समाजवादी पार्टी सोचे कि उन्हें हमारे साथ रहना है या क्या करना है। लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे को अजय राय ने कहा कि हमारा मन बड़ा है। हम बड़े मन से तैयार हैं, अब ये उनकी सोच हैं कि वो हमारे साथ कैसे आएंगे। ये वही जानें। उन्होंने कहा कि आज जनता आशा भरी नजरों से कांग्रेस और आइएनडीआइए गठबंधन की तरफ निहार रही है।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें