पूर्वी लीबिया में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 5300 के पार, 10 हजार से ज्यादा अभी लापता
बाढ़ से भीषण तबाही


डर्ना : पूर्वी लीबिया के डर्ना शहर में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 5,300 से अधिक हो गई है, जबकि 10 हजार से अधिक लोग लापता हैं। जानकारी के मुताबिक बाढ़ से भीषण तबाही के बीच 30 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।


रिपोर्ट के मुताबिक, डर्ना का एक चौथाई हिस्सा बर्बाद हो चुका है। ज्ञात रहे कि भूमध्यसागर से उठे तूफान ‘डेनियल’ के कारण रविवार रात हुई बारिश से अचानक आई बाढ़ ने पूर्वी लीबिया के कई शहरों में भारी तबाही मचाई है। लेकिन डर्ना शहर में सबसे अधिक नुकसान हुआ है।

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद अबू-लामोशा के मुताबिक, डर्ना में मरने वालों की संख्या 5300 से अधिक हो गई है। पूर्वी लीबिया में एम्बुलेंस एवं आपात केंद्र के प्रवक्ता ओसामा अली ने कहा कि पूरे क्षेत्र में हजारों की संख्या में लोगों की मौत हुई है। अली ने बुधवार को बताया कि डर्ना में 7,000 से अधिक लोग घायल हुए और इनमें से ज्यादातर लोगों का एजेंसियों द्वारा स्थापित अस्पतालों में इलाज के साथ सहायता पहुंचाने की कोशिश जारी है।

उन्होंने कहा कि तटीय डर्ना शहर में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि बचाव एवं राहत दल को अब भी सड़कों, इमारतों और समुद्र से शव मिल रहे हैं। लीबिया के एक शहर में बाढ़ से मची तबाही के बाद बचावकर्मियों को मलबे से बुधवार तक दो हजार से अधिक शव मिले हैं और कम से कम 30 हजार लोग विस्थापित हुए हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)


अधिक विदेश की खबरें