पढ़े - PM Modi के दौरे के बाद दूसरी लिस्ट में 30 नामों पर लगेगी मुहूर
फाइल फोटो


मिशन 2023 में जुटी छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश में केंद्रीय राज्य मंत्री व सांसदों पर दांव खेल सकती है। पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा इस चुनाव में केंद्रीय मंत्री और सांसदों को चुनावी मैदान में उतारने का निर्णय ली है। इन्हें टिकट देने के पीछे पार्टी के प्रदेश में सामूहिक नेतृत्व की रणनीति को धार देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर ने अपने बिलासपुर दौरे के दौरान इसके संकेत भी दिए हैं कि प्रत्याशियों का चयन हो चुका है और जिताऊ प्रत्याशियों के नाम की घोषणा दिल्ली मुख्यालय से की जाएगी। 

भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रदेश प्रवास के बाद जारी कर सकती है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी की सभा 30 सितंबर को बिलासपुर में होने वाली है। दूसरी सूची में करीब 30 नाम शामिल होंगे। 

प्रदेश में भाजपा से केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह, राज्यसभा सदस्य व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय और नौ लोकसभा सदस्यों के नाम पर मुहर लगा सकती है। पहली सूची में भी भाजपा ने पूर्व राज्यसभा सदस्य रामविचार नेताम और लोकसभा सदस्य विजय बघेल को टिकट दी है।

मध्यप्रदेश में भी पार्टी ने इन पर जताया भरोसा

मध्य प्रदेश में भी 25 सितंबर को जारी भाजपा की दूसरी सूची में 39 उम्मीदवारों के नाम है। इनमें केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसदों को टिकट मिली है। केंद्रीय मंत्रियों में मुरैना की दिमनी सीट से नरेंद्र सिंह तोमर, नरसिंहपुर से प्रह्लाद पटेल और निवास से फग्गन सिंह कुलस्ते को प्रत्याशी बनाया गया है।

यूपी, त्रिपुरा में भी था यही प्रयोग

न सिर्फ मध्यप्रदेश, बल्कि भाजपा ने त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल के चुनाव में भी यही फार्मूला अपनाया था। उत्तर प्रदेश के चुनाव में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को अखिलेश यादव के खिलाफ कटहल विधानसभा से चुनाव लड़ाया गया था। हालांकि बघेल चुनाव हार गए थे। इसी तरह त्रिपुरा में केंद्रीय मंत्री प्रतिभा भौमिक विधानसभा चुनाव लड़ीं और विजयी भी हुईं। पश्चिम बंगाल की बात करें तो केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो समेत सांसद लाकेट चटर्जी, निशिथ प्रमाणिक, राज्यसभा सदस्य स्वपन दासगुप्ता, जगन्नाथ सरकार को चुनाव में उतारा था। इनमें निशिथ प्रमाणिक व जगन्नाथ सरकार ने जीत दर्ज की थी।

17 अगस्त को जारी हो चुकी है पहली सूची

छत्तीसगढ़ भाजपा 17 अगस्त को पहली सूची जारी कर चुकी है। इसमें 21 प्रत्याशी के नामों की घोषणा हो चुकी है। पहली सूची में जाति और समाज का बेहतर तालमेल दिखा और महिलाओं को भी मौका मिला है। इनमें पांच सीट महिलाओं, एक सीट अनुसूचित जाति, दस सीटें अनुसूचित जनजाति की हैं। वहीं सामान्य सीटों पर भी जनजातीय समीकरण देखते हुए प्रत्याशियों का नाम चयनित किया गया है।


अधिक देश की खबरें