भाजपा सरकार बिना भेदभाव के विकास और सुरक्षा देती है : योगी
फाइल फ़ोटो


शाहजहाँपुर : उत्तर प्रदेश में अब विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए सभी दल अपनी पूरी तांकत झोंक रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ददरौल विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह के समर्थन में मांट के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए पहले की सपा सरकार और अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान वैक्सीन से लेकर राशन, सड़क, बिजली, पानी तक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 5 साल पहले सिर्फ सैफई खानदान और आजम खान को ही बिजली मिलती थी। उन्होंने कहा, ‘हम गन्ना की बात करते हैं। वह जिन्ना की बात करते हैं। हम राष्ट्रवाद की बात करते हैं। वह जातिवाद की बात करते हैं। मैं समग्र विकास की बात कर रहा हूं तो ये लोग कब्रिस्तान की बात कर रहे हैं। मैंने पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से पूछा कि उन्होंने कहां विकास किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने कब्रिस्तान की चारदीवारी बनाई है। वह इसे ही विकास कहते हैं।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव विकास और सुरक्षा देती है। सुरक्षा और विकास का मॉडल यूपी ही नहीं, देश के लिए बना है। उसी का परिणाम है कि सरकार के एक हाथ में विकास की छड़ी है तो दूसरे हाथ में बुलडोजर का लेबल है। सरकार का बुलडोजर सड़क भी बनाता है और माफिया की छाती पर चढ़ने का काम भी करता है। विकास और बुलडोजर साथ लेकर चलेंगे।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें