देश का विकास करना है तो किसानों को सुविधा देनी होगी : मुलायम सिंह यादव
जौनपुर की जनसभा में मुलायम सिंह यादव


जौनपुर : समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने पूर्वांचल की चर्चित सीटों में से जौनपुर के मल्हनी विधानसभा में शुक्रवार को जनसभा को संबोधित किया। विधानसभा चुनाव की पूरी अवधि में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब 82 के बुज़ुर्ग मुलायम सिंह यादव ने किसी चुनावी सभा को सम्बोधित किया ! इससे पहले वे अखिलेश यादव का प्रचार करने करहल गये थे ! आज अपने संबोधन के दौरान बुजुर्ग मुलायम सिंह यादव को दो बार बैठना पड़ा।

आज की सभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से गदगद मुलायम सिंह यादव ने कहा कि अगर देश का विकास करना है तो किसानों को सुविधा देनी होगी। हालांकि इस दौरान उनकी जुबान फिसल गई और वे बोल पड़े कि व्यापारियों की जो पैदावार है उसकी कीमत मिलना चाहिए, तो व्यापारी ज्यादा ज्यादा व्यापार करेंगे और जनता को सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सपा नेता ने अपने संबोधन में लोगों से संकल्प भी दिलवाया कि वह समाजवादी पार्टी को वोट करें।

उन्होंने कहा कि नौजवान बेरोजगार है, किसान को पैदावार की मेहनत नहीं मिल रही है। समाजवादी पार्टी ने गरीबों, नौजवानों की बात कही है। किसान को उसकी कीमत नहीं मिल रही है। सपा नेता ने आरोप लगाया कि आज की सरकार में किसान की उपेक्षा हो रही है।

नौजवान को नौकरी नहीं मिल रही। सपा का लक्ष्य है कि गरीब, किसान, बेसहारा को विशेष सुविधा मिले। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि जनता को सपा पर विश्वास है। सपा जो कहती है वो करती है। उन्होंने कहा कि कोई और राजनीतिक दल वादा पूरा नहीं करता। सपा नेता ने कहा कि आज के समय में व्यापारी को लाभ नहीं मिल रहा। सपा इसके लिए काम करेगी। 

मुलायम सिंह ने बिना धनंजय सिंह का नाम लिए कहा कि उधर अन्याय अत्याचार करने वाले लोग हैं।  मल्हनी से सपा प्रत्याशी लकी यादव के पक्ष में प्रचार करने आए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि देश का विकास करना है तो किसानों को सुविधा देनी होगी और नौजवान के बारे में सोचना होगा। 

मुलायम सिंह ने कहा कि जनता इतनी बड़ी संख्या में हमारे साथ आई है। जनता की उम्मीदों को पूरा करना हमारा लक्ष्य है। आज देख रहे हैं क्या हाल है कहीं पर हिंसा है कहीं अत्याचार है कहीं जाति के नाम पर भेदभाव हो रहा है। हम कोई भेदभाव नहीं करेंगे सबको साथ लेकर चलेंगे। 


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें