UP Election: समाजवादी पार्टी को सातवें चरण में पूर्वांचल की विधानसभा सीटों से बड़ी आस
फाइल फ़ोटो


लखनऊ :सात मार्च को सातवें व अंतिम चरण का मतदान होना है। अबकी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के साथ होने से समाजवादी पार्टी को सातवें चरण में पूर्वांचल की विधानसभा सीटों से बड़ी आस है। अंतिम चरण में जिन 54 सीटों पर अब चुनाव होना है उनमें से 11 सीटों पर वर्ष 2017 के चुनाव में समाजवादी पार्टी को सफलता मिली थी। कांग्रेस के साथ गठबंधन कर समाजवादी पार्टी 44 सीटों पर लड़ी थी। 20 सीटों पर समाजवादी पार्टी दूसरे स्थान पर थी। वर्ष 2012 में सरकार बनाने वाली सपा ने इनमें से 34 सीटें जीती थीं।

वर्ष 2012 का प्रदर्शन दोहराने के लिए अबकी सपा ने सुभासपा को साथ लिया है। वर्ष 2017 में जब भाजपा की प्रचंड लहर चल रही थी तब पूर्वांचल के कई जिलों में सपा का प्रदर्शन ठीक रहा था। अबकी पूर्वांचल के राजनीतिक हालात इसलिए बदले हैं क्योंकि सुभासपा इस बार भाजपा के बजाय सपा के साथ चुनावी मैदान में है। सातवें चरण की 54 सीटों में से 46 पर खुद लड़ रही सपा ने सुभासपा व अपना दल कमेरावादी को पांच-पांच सीटें दी हैं। पिछले चुनाव में भाजपा संग सुभासपा ने इनमें से तीन जीती थी, जबकि दो पर दूसरे पायदान पर रही थी। अबकी सपा के साथ गठबंधन को जनता ने कितना स्वीकार किया यह तो 10 मार्च को पता चलेगा, लेकिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव को सुभासपा के साथ से बड़ी उम्मीद हैं। इन सीटों पर जीती थी सपा : अतरौलिया, गोपालपुर, आजमगढ़, निजामाबाद, मेहनगर, शाहगंज, मल्हनी, मछली शहर, सैदपुर, जंगीपुर व सकलडीहा।

इन सीटों पर दूसरे नंबर पर थी सपा : सगड़ी, मुबारकपुर, दीदारगंज, मडिय़ाहूं, जफराबाद, केराकत, जखनिया, गाजीपुर, मुगल सराय, अजगरा, शिवपुर, रोहनिया, सेवापुरी, भदोही, औराई, मीरजापुर, चुनाव, घोरावल, राबर्ट्सगंज व ओबरा।

सातवें चरण की 54 सीटों का परिणाम-

पार्टी - वर्ष 2017 - वर्ष 2012
भाजपा - 29 - 04
सपा - 11 - 34
बसपा - 06 - 07
अपना दल - 04 - 01
सुभासपा - 03 - 00
निषाद पार्टी - 01 - 00
कांग्रेस - 00 - 03
कौमी एकता दल - 00 - 02
निर्दलीय - 00 - 03

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें