उत्तर प्रदेश की जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ती रहूंगी : प्रियंका गांधी
फाइल फ़ोटो


गाजीपुर :विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की अन्तिम सभा गाजीपुर में आयोजित की गयी। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह लोग विकास की बात नहीं करते, जनता के मुद्दे नहीं उठाते हैं। उन्होंने कहा कि जबतक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सही और सच्चा बदलाव नहीं होता, मैं उत्तर प्रदेश का साथ छोडूंगी नहीं और जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ती रहूंगी।

जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि तीन साल पहले जब मैं प्रभारी बनकर उत्तर प्रदेश में आई, तब पार्टी के कुछ बड़े नेता जो आज पार्टी छोड़ चुके हैं, वह मेरे पास आए। उन्होंने कहा कि अरे यहां से निकल जाइए, उत्तर प्रदेश में कुछ नहीं मिलने वाला है, यहाँ तो संघर्ष ही संघर्ष है। यहां कांग्रेस पार्टी तो है ही नहीं, आप नेतृत्व से बात करिए आपको यहां से निकालकर कहीं और भेज दें। मैंने अपने भाई तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से बात की, उन्होंने कहा, प्रियंका उत्तर प्रदेश जाओ और संघर्ष करो, याद रखो जहां लोगों को दुःख है, अत्याचार हो रहा है, वहां जाकर जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ो।

उन्होंने कहा कि मैं आपके बीच आई, सोनभद्र में 13 आदिवासियों का नरसंहार हुआ था, मैं वहां गई, मैंने देखा कि पुलिस-प्रशासन ने भूमाफिया की मदद कर दी, लेकिन आदिवासियों को बचाने कोई नहीं आया। इसी तरह उन्नाव, हाथरस, लखीमपुर हर जगह पीड़ितों ने यही कहा कि पुलिस तो हमी पर दबाव डाल रही है। हमारी लड़ाई कौन लड़ेगा? मारे गए किसानों के परिवारों पर पुलिस ने दबाव डाला। आगरा में अरुण वाल्मीकि के परिवार को प्रताड़ित किया और उसे थाने में मार डाला। ऐसी घटनाएं होती रहीं और प्रदेश सरकार सोती रही। 

उत्तर प्रदेश में जहां भी अन्याय हुआ गई, कांग्रेस ने न्याय की लड़ाई लड़ी। मैंने समझ गई कि उत्तर प्रदेश में बहुत गड़बड़ है, यहाँ की राजनीति कहीं भटक गई है। जिस प्रदेश में सबसे ज्यादा नौजवान हैं, सर्वाधिक ऊर्जा है, हुनर है, वहां की हालत इतनी ख़राब कैसे है।

दरअसल यहां के राजनीतिक दल, बसपा, सपा, भाजपा जनता के क्या मुद्दे उठाते हैं? बसपा और सपा सिर्फ जाति की बात कर रही हैं। भाजपा सिर्फ जाति और धर्म की बात कर रही है। नौजवान बेरोजगार हैं। भर्तियों में घोटाला हो रहा है। युवाओं के भविष्य बर्बाद हो रहे हैं। दूसरी तरह 12 लाख सरकारी पद खाली हैं। 

प्रधानमंत्री कहते हैं कि उनको आपकी समस्याएं ही मालूम नहीं है। देश प्रदेश की जानकारी रखते हैं, पर उन्हें यह नहीं मालूम है कि महंगाई चरम पर है, छुट्टा जानवरों से लोग परेशान हैं, बेरोजगारी चरम पर है। यह ऐसे लोगों है जो आपसे वोट लेकर सत्ता में रहेंगे, लेकिन आपके रोजगार, आपको सक्षम करने, सशक्त करने की बात नहीं करते हैं। यह अच्छी तरह समझ गए हैं कि वोट और सत्ता जाति-धर्म के आधार पर मिलेगी। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका गाँधी ने जनसमूह से अपील किया कि वे लोग कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करें और प्रदेश में काँग्रेस की सरकार बनवाने में मदद करें !


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें